iran attacks on israel: इजरायल पर रविवार देर रात ईरान और हिज्बुल्लाह ने एक साथ मिसाइलों और ड्रोनों से बड़ा दोहरा हमला कर दिया, जिसके बाद पूरे इजरायल में युद्ध के सायरन गूंजने लगे.

iran attacks on israel: मिडिल ईस्ट से एक बार फिर बेहद परेशान करने वाली खबर आ रही है. रविवार की देर रात इजरायल पर दो अलग-अलग मोर्चों से एक साथ बहुत बड़ा हमला हुआ है. एक तरफ से ईरान ने इजरायल की जमीन को निशाना बनाकर कई मिसाइलें दाग दीं. ठीक उसी वक्त लेबनान की तरफ से हिजबुल्लाह ने भी मिसाइलों और खतरनाक ड्रोन से हमला बोल दिया. इस दोहरे हमले के बाद इजरायल का पूरा एयर डिफेंस सिस्टम तुरंत अलर्ट पर आ गया. देश के अलग-अलग शहरों में दुश्मनों के हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजने लगे, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया.
ईरान ने इजरायल पर यह सीधा हमला लेबनान के समर्थन में किया है. ईरान लगातार इजरायल पर दबाव बना रहा है कि वह लेबनान के खिलाफ अपना सैन्य अभियान तुरंत रोक दे. लेकिन इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर अपनी बमबारी बंद नहीं की है. हाल ही में इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत में कई भीषण हवाई हमले किए थे. इस तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया पर ईरान और लेबनान के झंडों की एक साथ तस्वीर शेयर करके अपने इरादे साफ कर दिए हैं.
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहसेन रेजाई ने इस हमले पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान ने इजरायल को पहले ही कई बार चेतावनी दी थी. वह लेबनान पर हो रहे हमलों और युद्धविराम के उल्लंघन को चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेगा. हमलावर देश इजरायल को उसके किए की सजा मिल चुकी है. वहीं ईरान की सेना आईआरजीसी (IRGC) का आरोप है कि इजरायल अमेरिका के साथ मिलकर युद्धविराम की धज्जियां उड़ा रहा है. इजरायल लेबनान के मासूम लोगों पर फॉस्फोरस बम जैसे प्रतिबंधित हथियारों से हमला कर रहा है, जो कि एक गंभीर युद्ध अपराध है.
ईरानी सेना का कहना है कि इजरायल ने बेरूत पर हमला करके अपनी सारी ‘लक्ष्मण रेखाएं’ पार कर दी हैं. इसलिए ईरान को यह कदम उठाना पड़ा. ईरान ने साफ लहजे में इजरायल को चेतावनी दी है कि अगर उसने इस कार्रवाई का पलटवार किया या लेबनान पर हमले बढ़ाए, तो अगली बार इससे भी ज्यादा विनाशकारी तबाही मचाई जाएगी. दूसरी तरफ हिजबुल्लाह ने भी दावा किया है कि उसके ड्रोन और मिसाइलों ने इजरायली सैनिकों को भारी नुकसान पहुंचाया है. इस बेहद नाजुक और खतरनाक स्थिति पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी पूरी जानकारी दे दी गई है.
हमले के बाद अब इजरायल की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है. इजरायली सेना का दावा है कि उसने ईरान की तरफ से आई सभी मिसाइलों को हवा में ही सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया है. इजरायल ने कड़े शब्दों में कहा है कि वह इस गुस्ताखी को चुपचाप सहन नहीं करेगा और ईरान को इसका करारा जवाब देगा. इस धमकी पर ईरान ने भी पलटवार किया है. ईरान ने कहा है कि अगर इजरायल ने दोबारा कोई हरकत की, तो मिडल ईस्ट में मौजूद अमेरिका के जितने भी सैन्य ठिकाने हैं, ईरान उन सभी को अपना निशाना बनाएगा. कुल मिलाकर अब इस पूरे इलाके में महायुद्ध का खतरा मंडराने लगा है.
