उत्तर प्रदेश के कानपुर कचहरी में एक वकील ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर आत्महत्या कर ली. अधिवक्ता अपने पिता द्वारा मानसिक प्रताड़ना से परेशान था. मृतक ने सुसाइड नोट लिखकर इस बात की जानकारी दी है.

कानपुर में वकील ने की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश के कानपुर में कचहरी के वकील ने आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता ने कचहरी बिल्डिंग की 5वीं मंजिल से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया. मृत अधिवक्ता की पहचान 25 साल के प्रियांशु श्रीवास्तव के रूप में की गई है. व्यक्ति ने सुसाइड करने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसके बाद यह मामला चर्चा की विषय बन गया है.
पिता की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उठाया कदम
अधिवक्ता प्रियांशु ने यह खौफनाक कदम अपने पिता द्वारा कथित सख्ती और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उठाया है. युवक ने आत्महत्या करने से पहले व्हाट्सएप पर 2 पेज का स्टेटस नोट भी शेयर किया था. इस स्टेटस में मृतक ने बचपन की यादों और वर्तमान की बंदिशों का जिक्र किया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पिता के ऊपर लगाए गंभीर आरोप
मृतक प्रियांशु ने सुसाइड नोट में अपने पिता के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं. आत्महत्या से पहले उन्होंने स्टेटस पर लिखा कि बचपन में फ्रिज से आम का जूस पीने के कारण उन्हें नंगा करके घर से बाहर निकाल दिया था. इसी के साथ 10वीं में नंबर कम आने कर उनके साथ उसी तरह के व्यवहार की धमकी दी गई थी. मृतक ने लिखा कि पिता हर समय उनके ऊपर नजर रखते थे, जिसके कारण मोहल्ले में उनकी बेइज्जती बोती थी. इसी के साथ उन्होंने स्टेटस पर लिखा कि भगवान मेरे जैसे पिता किसी को भी न दें. युवक ने यह भी इच्छा जताई कि उनके शव को उनके पिता हाथ भी न लगाएं.
पिता के चैंबर में काम करता था मृतक
बताया जा रहा है कि प्रियांशु वकील थे और अपने पिता के चेंबर में काम करते थे. स्टेटस पर उन्होंने लिखा कि उनका न ही कोई अपना चैंबर और न ही कोई ऑफिस है. वे पूरे दिन पिता के लिए काम करते हैं. जिससे उन्हें महसूस होता है कि उनकी कोई भी अहमियत नहीं है. जिसके कारण उन्होंने सुसाइड कर लिया. फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- चोरी का था इरादा! बंद घर में घुसते समय ग्रिल और दीवार के बीच फंसा चोर; थाने ले गई पुलिस
