उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक पेट्रोल टैंकर का एक्सीडेंट हो गया. जिसके बाद लोगों ने बाल्टी और बड़े ड्रमों में पेट्रोल को लूटना शुरू कर दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालातों के ऊपर काबू पाया.
पेट्रोल लूटने ड्रम लेकर निकले लोग
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. कानपुर के गुजैनी इलाके में एलिवेटेड नेशनल हाईवे पर देर रात एक पेट्रोल टैंकर हादसे का शिकार हुआ है. इस हादसे के बाद एक हैरान कर देने वाली तस्वीर आई. हादसे के दौरान मदद करने की जगह पर स्थानीय लोग पेट्रोल को लूटने के लिए हाईवे की तरफ बाल्टी और ड्रम लेकर निकल पड़े.
खड़े टैंकर में ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक टैंकर HPCL के रायपुर डिपो से पेट्रोल को लोड करके शिवराजपुर जा रहा था. इसी दौरान गुजैनी एलिवेटेड पुल पर टैंकर में कोई खराबी आ गई, जिसके बाद मुन्ना नाम के ड्राइवर ने टैंकर को किनारे खड़ा करके कंपनी को सूचना दी. जिसके बाद मिस्त्री टैंकर की मरम्मत कर रहे थे, इसी दौरान पीछे आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टैंकर के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर से शुरू हो गया पेट्रोल का रिसाव
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तुरंत ही पेट्रोल बहना शुरू हो गया. जिसके बाद ड्राइवर ने स्थानीय लोगों से बाल्टी की मांगी. जिससे पेट्रोल को बहने से रोक सके. जैसे ही लोगों को पता लगा कि टैंकर से पेट्रोल बह रहा है, तो तुरंत ही लोगों की भीड़ ट्रक की तरफ दौड़ पड़ी. ड्राइवर के कई बार मना करने और खतरे की बात कहने पर भी लोग नहीं मानें और पेट्रोल को भरने में जुटे रहे.
पुलिस ने भीड़ को हटाया
लोग अपने घरों से बड़े ड्रम और बाल्टी जैसी चीजों को लेकर मौके पर पहुंच गए. हालातों को खराब होते देख, टैंकर के ड्राइवर ने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया. मौके पर HPCL के अधिकारी भी पहुंच गए और दूसरे टैंकर को बुलाकर पेट्रोल को उसमें भरवाया.
पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि पेट्रोल चोरी में जो भी लोग शामिल थे, उन लोगों को चिह्नित किया जा रहा है और उन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- मौत के पास जाकर वापस आए 161 यात्री! इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की ‘फुल इमरजेंसी’ लैंडिंग
