कर्नाटक में संपत्ति विवाद को लेकर 6 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. पहले लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उसके बाद सभी को गोली मार दी गई. पुलिस मामले में जांच कर रही है.

संपत्ति विवाद में खौफनाक वारदात
कर्नाटक से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कर्नाटक के विजयपुरा जिले में संपत्ति के विवाद में 6 लोगों की बुरी तरह से हत्या कर दी गई है. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले लोगों के ऊपर धारदार हथियारों से हमला किया और फिर उन्हें गोली मार दी. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है.
2 परिवारों के बीच चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना विजयपुरा जिले के चाडचाना थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा गांव की है. यहां 6 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान चंदू निरले, दुंदप्पा निरले, शिवपुत्र निरले, राहुल निरले, समर्थ निरले और शब्बीर नादफ के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर गोविंदपुरा गांव में 2 परिवारों के बीच में काफी समय से विवाद चल रहा था.
खेत पर काम कर रहे लोगों पर हमला
बताया जा रहा है कि परिवारों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए गांव में कुछ दिनों पहले पंचायत भी हुई थी. पुलिस के मुताबिक निरले परिवार ने लगभग 6 महीने पहले 24 एकड़ विवादित जमीन को खरीदा था. निरले परिवार को जमीन न खरीदने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसके बाद भी परिवार ने जमीन खरीद ली. शुक्रवार को परिवार खेत पर काम कर रहे थे, इसी दौरान 15 से 20 लोगों ने उनके ऊपर हमला कर दिया.
हथियार से हमले के बाद मारी गोली
जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने पहले धारदार हथियार ने सभी से ऊपर हमले किए और उसके बाद सभी को गोली मार दी. इस दौरान खेत पर काम कर रहे सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
यह भी पढे़ं- दिल्ली-NCR में मौसम लेने वाला है यू-टर्न! कल हो जाएगा ठंडा-ठंडा; आज भी गिर सकते हैं ओले
