केरल के कोच्चि जा रहे एक जहाज़ में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है. पुलिस ने कोच्चि में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मदरसा का शिक्षक बताया जा रहा है. वह लक्षद्वीप का रहने वाला है.
लक्षद्वीप से केरल के कोच्चि जा रहे एक जहाज में शर्मनाक घटना हो गई. जानकारी के मुताबिक जहाज में एक नौ साल की बच्ची के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने लक्षद्वीप के रहने वाले मदरसा शिक्षक सैयद मोहम्मद नौफल को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि जहाज में यात्रा के दौरान उसने बच्ची को समंदर के सुंदर नजारे दिखाने का लालच देकर अपने पास बुलाया और फिर उसे सुनसान हिस्से में ले गया. वहां उसने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया. इस घटना के बाद पूरा मामला बच्ची ने अपनी मां को बताया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ.
नज़ारे दिखाने का दिया लालच
पुलिस के मुताबिक बच्ची अपनी मां के साथ लक्षद्वीप से कोच्चि की यात्रा कर रही थी. यात्रा के दौरान मां की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके कारण वह आराम कर रही थीं. बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी सैयद मोहम्मद नौफल ने बच्ची को जहाज से सुंदर नजारे दिखाने का लालच दिया. आरोप है कि बच्ची को अपने पास बुलाने के बाद आरोपी उसे जहाज के एक सुनसान हिस्से में ले गया. जिसके बाद आरोपी ने वहां बच्ची के साथ यौन शोषण किया. घटना के समय बच्ची की मां उसके पास मौजूद नहीं थीं.
माँ को बताई पूरी घटना
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि कथित घटना के बाद बच्ची ने अपनी मां को आपबीती बताई. बेटी की बात सुनने के बाद मां ने जहाज के सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी दी. शिकायत मिलने पर सुरक्षा कर्मियों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया. इसके बाद जहाज के कोच्चि पहुंचने का इंतजार किया गया, जिससे आरोपी को संबंधित पुलिस के हवाले किया जा सके.
पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपी
अधिकारियों के मुताबिक जहाज के कोच्चि पहुंचने पर आरोपी सैयद मोहम्मद नौफल को फोर्ट कोच्चि तटीय पुलिस के हवाले कर दिया गया. बताया जा रहा है कि आरोपी लक्षद्वीप का रहने वाला है और मदरसा शिक्षक है. पुलिस ने उसके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण यानी पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है.
