तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में मोबाइल का पासवर्ड ना बताने पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई. घटना के बाद एक आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. फ़िलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है.
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां मोबाइल फोन का पासवर्ड देने से इनकार करने पर हमलावरों ने गुस्से में आकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी. बाद में उसके फोन को भी आग के हवाले कर दिया. जानकारी के मुताबिक़ पूरी घटना चेवेल्ला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में घटी है. इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सनसनी पैदा कर दी है. फिलहाल अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है.
नहीं बताया पासवर्ड तो मारी लाठी
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 11:30 बजे, चेवेल्ला बस स्टैंड पर कुछ हमलावरों ने 43 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का मोबाइल फोन छीन लिया.जिसके बाद वे उसे चेवेल्ला नगरपालिका के कंडावाड़ा वार्ड में स्थित एक कचरागाह में ले गए. हमलावरों ने पीड़ित पर फोन अनलॉक करने के लिए पासवर्ड बताने का दबाव डाला. जब उसने पासवर्ड बताने से इनकार कर दिया, तो क्रोधित आरोपियों ने लाठियों से उसके सिर पर हमला किया.
आरोपी ने किया सरेंडर
इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन कूड़े के ढेर में आग में फेंक दिया. पुलिस ने बताया कि गुरुवार दोपहर को एक आरोपी ने पुलिस स्टेशन जाकर आत्मसमर्पण कर दिया और घटना का ब्योरा दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की. पुलिस ने हत्या से संबंधित सबूत जुटाए और मामला दर्ज किया.
घटना की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. घटना में कितने लोग शामिल थे और इसे किस तरह से अंजाम दिया गया, इसकी जांच जारी है. पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है. एक आरोपी ने सरेंडर कर दिया है. वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
