बरेली में एक युवक ने कर्जदरों के दबाव से परेशान होकर आत्महत्या की कोशिश की. युवक ने ख़ुद का गला काट लिया. घटना के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के मुताबिक़ युवक ने मानसिक दबाव के कारण ऐसा किया.
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे की लत ने एक और युवा की जिंदगी को दांव पर लगा दिया है. ऑनलाइन सट्टे में लाखों रुपये गंवाने और लेनदारों के लगातार बढ़ते दबाव से तंग आकर एक युवक ने धारदार हथियार से अपने ही गले पर हमला कर लिया. घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गेम में गंवाए 6 लाख रुपये
जानकारी के मुताबिक़ पूरा मामला बरेली के कैंट थाना क्षेत्र स्थित चनेटा गांव का है. पीड़ित युवक विवेक मिलिट्री अस्पताल के पास एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है. युवक को मोबाइल पर ऑनलाइन सट्टेबाजी वाले ‘आईपीएल विन’ (IPL Win) गेम की गंभीर लत लग चुकी थी. वह इस गेम में धीरे-धीरे कर करीब 6 लाख गंवा चुका था.
1.5 लाख का लिया कर्ज
बताया जा रहा है कि सट्टे में पैसे हारने के बाद विवेक ने आसपास के लोगों से लगभग 1.5 लाख का कर्ज ले रखा था. विवेक को मिलने वाली 30 हजार की सैलरी में से 10 हजार कर्ज चुकाने में जा रहे थे, लेकिन बाकी लेनदार भी लगातार पैसों के लिए उस पर दबाव बना रहे थे.
खुद पर किया हमला
परिजनों के मुताबिक कर्ज के बढ़ते मानसिक तनाव और रोज-रोज के तगादे से परेशान होकर विवेक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. इसके बाद उसने धारदार चीज से अपने गले पर हमला कर खुदकुशी की कोशिश की. पड़ोसियों द्वारा सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ विवेक को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज किया जा रहा है.
पुलिस का पक्ष
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की. सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस जांच में युवक के 6 लाख हारने और 1.5 लाख के कर्ज की पुष्टि हुई है. सीओ के मुताबिक जब उधारी देने वाले लोग पैसे वापस मांगने लगे, तो विवेक ने अपने गले पर धारदार चीज से कट का निशान बनाया. पुलिस की शुरुआती जांच में यह लेनदारों को डराने और तगादा बंद कराने के लिए किया गया एक ड्रामा लग रहा है.
