कौशांबी में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल हैं. वहीं कई लोग घायल भी हुए हैं.
कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर भीषण हादसा
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सवारियों से भरी हुई एक पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्राला में पीछे से जाकर घुस गई. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक यह हादसा सैनी थाना क्षेत्र के अतसराय के पास हुआ है. हादसे से समय पिकअप में 18 लोग सवार थे.
पिकअप में सवार थे बच्चे और महिलाएं
बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सवारियों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि सभी लोग फतेहपुर के मलवां क्षेत्र के बड़ोखर गांव के रहने वाले थे. सभी लोग प्रयागराज से मुंडन का कार्यक्रम कराकर अपने घर वापस लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ है. बताया जा रहा है कि पिकअप ने पीछे से काफी जोरदार टक्कर मारी थी.
घायलों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
टक्कर इतनी जोरदार थी, कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कई लोग घायल भी हुए हैं. हादसे के बाद तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है.
पुलिस कर रही कारणों का पता
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में अभी तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल हैं. हादसे में घायल हुए कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और हादसे के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
यह भी पढ़ें- मामी से एकतरफा प्यार में मामा को उतारा मौत के घाट! वारदात को दिया एक्सीडेंट का रूप; पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल
