Explosions in Kyiv: कीव में जोरदार धमाकों के बाद पूरे यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है और एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय है. यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब राष्ट्रपति जेलेंस्की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने वाले हैं, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं.
Explosions in Kyiv: रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से ज्यादा समय से चल रहे युद्ध के बीच शनिवार को यूक्रेन की राजधानी कीव में कई जोरदार धमाके हुए हैं. इन धमाकों से पूरे शहर में दहशत फैल गई है. हालांकि, अधिकारियों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि राजधानी पर मिसाइल हमले का खतरा है. धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे लोग डर के मारे सुरक्षित ठिकानों की ओर भागते नजर आए हैं.
कीव का एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम के जरिए बताया कि राजधानी में धमाके हुए हैं और एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तुरंत शेल्टर में चले जाएं और सुरक्षित रहें हैं. धमाकों के तुरंत बाद यूक्रेन की वायु सेना ने शनिवार तड़के पूरे देश में हवाई हमले का अलर्ट जारी कर दिया है.
यूक्रेन की एयरफोर्स के अनुसार, कई ड्रोन और मिसाइलें कीव सहित देश के अलग-अलग इलाकों के ऊपर उड़ती देखी गई हैं. एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, उसके पत्रकारों ने आसमान में तेज रोशनी के साथ कई धमाकों की आवाज सुनी है. कुछ जगहों पर आसमान नारंगी रंग का नजर आया, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
रविवार को ट्रंप और जेलेंस्की करेंगे मुलाकात
यह हवाई अलर्ट ऐसे समय पर आया है, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की रविवार को अमेरिका के फ्लोरिडा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करने वाले हैं. माना जा रहा है कि इस मुलाकात में युद्ध को लेकर आगे की रणनीति और शांति प्रयासों पर चर्चा हो सकती है. ऐसे में हमलों का समय काफी अहम माना जा रहा है.
इधर, रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और उनके यूरोपीय समर्थकों पर अमेरिका की मध्यस्थता वाली योजना को कमजोर करने का आरोप लगाया है. रूस का कहना है कि जेलेंस्की शांति प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं. हाल ही में जेलेंस्की ने एक 20 बिंदुओं वाला प्रस्ताव साझा किया था, जिसके तहत युद्ध को मौजूदा मोर्चे पर रोकने और कुछ इलाकों में गैर-सैन्य क्षेत्र बनाने की बात कही गई है.
