RJD MLA claims to have joined BJP: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विदेश दौरे के बीच सत्ताधारी दल की ओर से बड़ा दावा सामने आया है. बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सभी 25 विधायक भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं और वे किसी भी समय बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. मंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है.
चुनावी हार बर्दाश्त नहीं कर पाए तेजस्वी
रामकृपाल यादव ने तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आरजेडी अब खत्म होने की कगार पर है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव चुनावी हार बर्दाश्त नहीं कर पाए और जनता के बीच जाने के बजाय विदेश चले गए. मंत्री ने दावा किया कि वह पूरी गंभीरता के साथ यह बात कह रहे हैं और आरजेडी के विधायक खुद अपनी पार्टी से नाराज हैं. उन्होंने तेजस्वी को अपनी पार्टी संभालने की सलाह भी दी.
मशीनरी के दम पर सत्ता में आई है BJP
इस बयान पर आरजेडी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बीजेपी मशीनरी के दम पर सत्ता में आई है, फिर भी उन्हें चैन नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल विपक्ष मुक्त विधानसभा चाहता है और इसी वजह से ऐसे बयान दिए जा रहे हैं. वहीं कांग्रेस प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने कहा कि कृषि मंत्री को किसानों की चिंता नहीं है और वे बेवजह राजनीति कर रहे हैं.
रामकृपाल यादव ने आरजेडी पर किया पलटवार किया
खाद की कालाबाजारी को लेकर उठे सवालों पर रामकृपाल यादव ने आरजेडी पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अगर राजद अपने आरोप साबित कर दे तो वह तुरंत इस्तीफा देने को तैयार हैं. मंत्री ने दावा किया कि सरकार किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देगी. उन्होंने कहा कि अब तक 86 जगहों पर खाद विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे.
इस बीच तेजस्वी यादव और उनके पिता लालू प्रसाद यादव की अनुपस्थिति में 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली किया जा रहा है. लालू प्रसाद यादव हाल ही में दिल्ली में इलाज के लिए थे. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड का आवास आवंटित किया गया है. आवास को लेकर पहले भी काफी सियासत हुई थी और राजद नेताओं ने इसे लेकर विरोध जताया था. फिलहाल इस मुद्दे ने भी बिहार की राजनीति को और गर्मा दिया है.
