पाकिस्तानी आतंकी शब्बीर अहमद लोन की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं. आतंकी ने बताया कि उसने गिरफ्तारी से पहले दिल्ली के 3 मंदिरों की रेकी की थी और उनकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजी थी.
आतंकी ने की थी 3 मंदिरों की रेकी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है. जिसके बाद आतंकी से पूछताछ करने पर बड़े खुलासे हो रहे हैं. आतंकी शब्बीर अहमद ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले उसने दिल्ली के 3 बड़े मंदिरों की रेकी की थी. इन मंदिरों की रेकी करने के बाद उसने इनकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान बैठे लश्कर के हैंडलर को भेजा था.
भीड़-भाड़ वाले इलाकों की भी बनाई वीडियो
आतंकी शब्बी अहमद ने बताया कि उसने दिल्ली के कालकाजी मंदिर, लोटस टेंपल और छतरपुर मंदिर की रेकी की थी. जिसके बाद इन तीनों मंदिरों की वीडियो को उसने पाकिस्तान भेजा था. इनके अलावा आतंकी ने दिल्ली के कनॉट प्लेस और पहाड़गंज जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में भी रेकी की थी और उनकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान में भेजी थी. पुलिस पूछताछ में आतंकी ने ISI और लश्कर बांग्लादेश में TRF जैसा आतंकी संगठन बनाने की बात भी कबूल की है.
ISI के कहने पर कर रहा था काम
आपको बता दें कि पूछताछ में सामने आया है कि इसी संगठन को बनाने के लिए आतंकी दिल्ली-NCR में रेकी करके रिक्रूटमेंट का काम शुरू करने वाला था. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गाजीपुर से गिरफ्तार किया है. स्पेशल सेल का दावा है कि यह आतंकी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के कहने पर भारत में लश्कर-ए-तैयबा के नए मॉड्यूल को एक्टिव करने के लिए काम कर रहा था.
नेपाल के रास्ते भारत में घुसा आतंकी
पुलिस ने आतंकी के पास से बांग्लादेशी और पाकिस्तानी करेंसी के साथ लैपटॉप और बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है. बताया जा रहा है कि आतंकी शब्बीर अहमद नेपाल के रास्ते भारत में घुसा था और लश्कर-ए-तैयबा हैंडलर्स के कहने पर भारत में LeT के लिए रिक्रूटमेंट का पूरा नेटवर्क तैयार करने के लिए आया था. हालांकि उसका मकसद पूरा होने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- घर के अंदर खूनी खेल! व्यक्ति ने लोहे की रॉड से की पत्नी की हत्या; वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
