Lucknow Kanpur Expressway Update:दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के बाद उत्तर प्रदेश को जल्दी ही एक और बड़े एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने वाली है. 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 24 मई 2026 को हो सकता है. बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन कर सकते हैं.
पीएम कर सकते हैं उद्घाटन
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के शुरू होने से यूपी की राजधानी लखनऊ और कानपुर के बीच का सफर बहुत ही आसान हो जाएगा. साथ ही NH-27 पर भारी ट्रैफिक, जाम और देरी की समस्या से भी राहत मिलेगी.
30 मिनट में लखनऊ से कानपुर
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद लखनऊ से कानपुर का सफर काफी आसान और तेज हो जाएगा. अभी यहां पर भारी ट्रैफिक और जाम रहता है जिसकी वजह से 2.5 से 3 घंटे लग जाते हैं, लेकिन नए एक्सप्रेसवे पर यह दूरी सिर्फ 30 से 45 मिनट में पूरी हो सकेगी. यहां वाहन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे.
कितना लगेगा टोल टैक्स?
हल्के कमर्शियल वाहन के लिए टोल टैक्स सिंगल 445 रुपये और वापसी का 670 रुपये होगा. बस और ट्रक टोल की बात करें तो सिंगल 935 रुपये और वापसी का 1405 रुपये होगा. भारी कमर्शियल वाहन के टोल की बात करें तो एक तरफ से 1020 रुपये और वापसी करनी है तो 1530 रुपये लगेगा.
प्रदेश का सबसे महंगा एक्सप्रेसवे
यह यूपी का सबसे छोटा लेकिन सबसे महंगा एक्सप्रेसवे माना जा रहा है. इस पर चार टोल प्लाजा बनाए गए हैं. कार से एक तरफ का टोल 275 रुपये चुकाना होगा. वहीं 24 घंटे के अंदर वापसी पर कुल 415 रुपये टोल देना होगा.
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के फायदे
एक्सप्रेसवे बनने से यात्रियों के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट और व्यापार क्षेत्र को भी बड़ा फायदा मिलेगा. माल ढुलाई तेज होगी, ट्रैफिक कम होगा और सफर ज्यादा आरामदायक बनेगा. लखनऊ से कानपुर जाने में समय की बचत के साथ ही बढ़िया सफर का अनुभव मिलेगा और मौजूदा हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा.
ये भी पढ़ें: 13 साल की नाबालिग की 42 वर्षीय व्यक्ति से शादी, अधिकारियों को चकमा… रातोंरात कराया विवाह
