उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बुधवार सुबह को एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस लगातार मामले में जांच कर रही है.

लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार को सुबह के समय एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने बिजनेसमैन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोली लगने के बाद व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना का सीसीटीवी आया सामने
घटना के बाद जब व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान संदीप सिंह के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि मृत व्यक्ति प्रॉपर्टी डीलिंग के काम से जुड़ा हुआ था. लखनऊ में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जानकारी के मुताबिक मृतक किसी काम से बाहर निकला था, इसी दौरान बाइक से आए 2 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया.
ड्राइवर ने पहुंचाया अस्पताल
बताया जा रहा है कि बाइक से आए 2 अज्ञात बदमाशों ने उनके ऊपर लगभग 3 राउंड फायरिंग की. जिसमें एक गोली उनके सिर के पास लगी और वे तुरंत ही घायल होकर मौके पर गिर गए. घटना के दौरान मौजूद ड्राइवर ने संदीप को तुरंत ही इलाज के लिए एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रख दिया.
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
वेंटिलेटर सपोर्ट के बाद भी व्यक्ति को बचाया न जा सका. घटना के अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. मामले की जांच करते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर रही है. पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है. इस मामले की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना दिखाई दे रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ेंं- ‘जीजा’ बनकर घर आता था प्रेमी! खुलासा हुआ तो महिला ने पति को जिंदा जलाया; पुलिस ने किया गिरफ्तार
