मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे 5 मजदूर अंदर फंस गए. प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक शव को बरामद कर लिया है, वहीं बाकी को बाहर निकालने की कोशिश जारी है.

खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है. पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को कुएं की खुदाई हो रही थी, इसी दौरान बड़ा हादसा हुआ है. बताया जा रहा है कि बीहरपुरवा गांव के नयापुरवा इलाके में खेत पर खुदाई के समय पर अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे 5 मजदूर कुएं के अंदर दब गए. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
10 दिनों से हो रहा खुदाई का काम
हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत ही पोकलेन, जेसीबी मशीन और गांव वालों की मदद से राहत बचाव कार्य को शुरू किया. अभी तक एक शव को बरामद किया गया है. आपको बता दें कि नयापुरवा इलाके में 10 दिनों से कुएं की खुदाई को लेकर काम हो रहा था. नयापुरवा के बिन्नू अहिरवार के खेत में 7 मजदूर मिलकर गहराई तक खुदाई कर रहे थे. इसी दौरान मंगलवार को सुबह लगभग 11 बजे कुएं के अंदर मिट्टी गिर गई.
एक का शव बरामद
बताया जा रहा है कि इस दौरान 2 मजदूर ऊपर आए हुए थे और 5 मजदूर अंदर काम कर रहे थे. जब मिट्टी गिरी तो 5 मजदूर अंदर मलबे में दब गए. हादसे में फंसने वाले मजदूरों की पहचान चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल समेत दूसरे लोगों के रूप में की गई है. रेस्क्यू के दौरान राजकुमार का शव बरामद किया गया है. वहीं बाकी के 4 मजदूरों को निकालने की कोशिश जारी है.
लगातार चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, राजस्व विभाग मौके पर पहुंच गए हैं. जिसके बाद लगातार मशीनों और गांव वालों की मदद से मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि जहां पर खुदाई हो रही थी, वहां की मिट्टी काफी ढीली और भुरभुरी थी. जिसके कारण यह हादसा हुआ है. फिलहाल अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है.
यह भी पढे़ं- सेप्टिक टैंक बना मौत का जाल! दम घुटने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत; एक की हालत गंभीर
