ओडिशा के कालाहांडी जिले में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में दम घुटने के कारण 6 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 3 राजमिस्त्री, एक मजदूर के साथ सेप्टिक टैंक निर्माता और उसका बेटा शामिल हैं.

सेप्टिक टैंक में 6 लोगों की मौत
ओडिशा के कालाहांडी में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर दम घुटने के कारण 6 लोगों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना मदनपुर-रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र के गौड़ा कारलाखुंटा गांव की है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि इस घटना में एक व्यक्ति बीमार भी पड़ गया है.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि बीमार पड़े सभी लोगों को तुरंत ही मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, लेकिन वहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में 3 राजमिस्त्री, एक मजदूर के साथ सेप्टिक टैंक निर्माता और उसका बेटा शामिल हैं. इस घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया है.
बिल्डर को बचाने के कारण हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक जब निर्माण संबंधी काम को लेकर सेप्टिक टैंक का एक हिस्सा खोला गया, तो बिल्डर उसके अंदर गिर गया. बताया जा रहा है कि बिल्डर को बचाने के लिए बाकी के लोग भी टैंक के अंदर तले गए. जिससे उनकी भी मौत हो गई. हादसे में मरने वाले लोगों की पहचान निमाई पाल और उनके बेटे आकाश पाल के साथ अडल माझी, मनोरंजन हाटी, छंदा जल और बिपुल जल के रूप में की गई है.
मुख्यमंत्री ने किया 4 लाख की मदद का ऐलान
हादसे में बीमार हुए व्यक्ति की पहचान पंकज के रूप में की गई है, जिसका इलाज चल रहा है. इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन माझी ने दुख जताया है और मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने का ऐलान किया है. मामले में कालाहांडी के कलेक्टर सचिन पवार ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए मृतकों के परिवार को जिला प्रशासन ने 30 हजार रुपए की राशि जारी की है.
यह भी पढे़ं- 3 महीने पहले हुई थी लव मैरिज! दिल्ली में महिला की संदिग्ध मौत; परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप
