महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक खेल के मैदान से मानव कंकाल और खोपड़ी बरामद हुई है. घटना के बाद पुलिस जांच कर रही है और कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.

खेल के मैदान में कंकाल
महाराष्ट्र के पालघर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. पालघर जिले के वसई के आनंद नगर इलाके में एक खेल के मैदान से बिना सिर वाला मानव कंकाल और खोपड़ी मिली है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. जानकारी के मुताबिक रविवार को शाम के समय कुछ बच्चे मैदान में खेल रहे थे इस दौरान बच्चों की नजर मैदान में पड़े मानव कंकाल पर पड़ी.
पुलिस को दी गई जानकारी
जानकारी के मुताबिक कंकाल पर नजर पड़ने के बाद बच्चों ने तुरंत ही स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी. मामले की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और पुलिस को पूरी जानकारी दी गई. मामले की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 3 दिनों में मैदान में आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं.
मौके से सिक्के भी बरामद
पुलिस के मुताबिक मैदान में आग लगने के कारण जमीन पर कुछ हिस्से साफ हो गए, जिससे यह कंकाल दिखाई दिया है. पुलिस जांच में मौके से कुछ सिक्के भी बरामद हुए हैं. पुलिस जांच कर रही है कि यह कंकाल कितना पुराना है. फिलहाल पुलिस ने मानव कंकाल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. जिससे मृतक की पहचान हो सके और उसकी उम्र और मौत के बारे में जानकारी मिल सके.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने इस मामले में शुरुआती तौर पर आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर जांच कर रही है और आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. पुलिस मामले की जांच करते हुए आसपास इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
यह भी पढ़ें- Tamil Nadu Politics: मुख्यमंत्री विजय के शपथ ग्रहण में ‘तमिल थाई वजथु’ विवाद, जानें क्या है पूरा मामला?
