महाराष्ट्र के कल्याण शहर में इनोवा सवार 3 व्यक्तियों ने दुर्गाडी चौक पर एक ट्रैफिक हवलदार के ऊपर हमला किया. जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामले को दर्ज करके उनका तलाश शुरू कर दी है.
ड्यूटी पर तैनात हवलदार को बुरी तरह मारा
बदमाशों की बदमाशी के कई तरह के किस्से हमने और आपने सुने होंगे. महाराष्ट्र के कल्याण शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. कल्याण शहर में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस पर 3 बदमाशों ने हमला किया और उसको बुरी तरह से मारा. इस घटना के बाद में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
रॉन्ग साइड से आ रही थी इनोवा
जानकारी के मुताबिक 24 जनवरी की रात के लगभग 10 बजे दुर्गाड़ी चौक पर एक पुलिस हवलदार और ट्रैफिक वार्डन प्रतीक पवार यातायात को नियंत्रित कर रहे थे. इसी समय पर कोनगांव की तरफ भारी ट्रैफिक जाम लग गया. जिसके बाद एक MH-05-CA-0400 नंबर की इनोवा गाड़ी दूसरी साइड से काफी तेजी के साथ आती हुई दिखाई दी. जिसके बाद हवलदार ने गाड़ी को रॉन्ग साइड में दाने से मना किया.
एक ने पकड़ा 2 ने मारा
हवलदार के द्वारा मना करने पर गुस्साएं कार सवारों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया. जिसके बाद कार सवार 3 लोगों ने अचानक से हमला कर दिया. आरोप है कि एक बदमाश ने हवलदार को पीछे से पकड़ लिया और 2 लोगों ने मिलकर हवलदार के ऊपर काफी वार किए. इस हमले के दौरान हवलदार की वर्दी के सभी बटन टूट गए और उसकी शर्ट भी फट गई. इस पूरे मामले में कोलसेवाड़ी पुलिस ने 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता हैं हमलावर
इस हमला में घायल हुए हवलदार की पहचान 33 साल के विलास सुरेश भागीत के रूप में हुई है. यह पूरी घटना कल्याण पश्चिम के दुर्गाडी चौक पर घटी है. घायल हुए विलास भागीत का इलाज शहर के फोर्टिस हॉस्पिटल में चल रहा है. हमला करने के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग गए. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता भी हो सकते हैं. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस तलाश में जुट गई है.
यह भी पढ़ें- शराब की लत ने ले ली युवक की जान, मुंबई में मां बाप से बहस के बाद 21वीं मंजिल से कूदा युवक
