महाराष्ट्र के पुणे में एक महिला ने अपने 11 साल के बेटे का धारदार हथियार से गला रेत दिया, जिससे बच्चे की मौके पर मौत हो गई. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर वारदात के पीछे के कारणों को पूछना शुरू कर दिया है.
महिला ने की अपने बेटे की हत्या
महाराष्ट्र के पुणे से एक अनोखी और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पुणे के वाघोली इलाके में रहने वाली एक महिला ने अपने ही बेटे को मौत के घाट उतार दिया. बताया जा रहा है कि मंगलवार को सुबह के समय वाघोली की एक हाउसिंग सोसायटी में 11 साल के बच्चे की उसकी मां ने गला रेतकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद में पूरी सोसायटी में हड़कंप मच गया.
धारदार हथियार से रेत दिया गला
जानकारी के मुताबिक सोसायटी में लोग रोज की तरह काम में लगे हुए थे. इसी बीच अचानक से चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं. जिसके बाद जब लोगों ने जाकर देखा तो सभी हैरान रह गए. पुलिस के मुताबिक महिला ने किसी धारदार हथियार से अपने 11 साल के बेटे के गले को काट दिया. इस हमले के दौरान बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. जब लोगों ने बच्चे को देखा तो वह खून से पूरी तरह से लथपथ था.
बेटी पर भी किया हमला
बेटे की हत्या करने के बाद में महिला ने अपनी 13 साल की बेटी के ऊपर भी हमला किया, लेकिन बेटी की चीख-पुकार सुनकर लोग वहां पहुंच गए और बीच-बचाव करके बच्ची को बचा लिया. इस पूरे मामले की सूचना मिलने के बाद तुरंत ही वाघोली पुलिस मौके पर घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस कर रही महिला से पूछताछ
पुलिस अधिकारियों ने मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमले के पीछे के कारणों को पता करने के लिए महिला से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल अभी तक इस वारदात के पीछे के कारणों का पता नहीं लग पाया है. इस घटना में पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी के साथ जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- रिश्तों में खूनी दरार! बहन की लव मैरिज से नाराज युवक ने जीजा को मारी गोली, 8 महीने पहले हुई थी शादी
