उत्तर प्रदेश के बिजनौर में लव मैरिज से नाराज साले ने अपने जीजा को गोली मार दी. इस घटना के बाद लोगों ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
साले ने जीजा को मारी गोली
उत्तर प्रदेश से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक साले ने अपने ही जीजा को गोली मार दी. बताया जा रहा है कि युवक बहन की लव मैरिज से नाराज था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. गोली लगे युवक को लोगों ने आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया.
फोन पर बात कर रहा था युवक
यह पूरी घटना बिजनौर जिले के नवलपुर गांव की है. यहां सोमवार को एक मामूली पारिवारिक विवाद ने बड़ी हिंसा का रूप ले लिया. जानकारी के मुताबिक गांव का 22 साल का विशाल नाम का युवक रात के लगभग 8 बजे फोन पर किसी से बात कर रहा था, इसी दौरान वहां उसका साला पहुंच गया और थोड़ी कहासुनी के बाद में युवक ने उसे तमंचे से गोली मार दी. गोली लगने के बाद विशाल तुरंत ही जमीन पर गिर गया.
8 महीने पहले हुई थी शादी
इस पूरे मामले की वजह लव मैरिज को बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक विशाल ने लगभग 8 महीने पहले गांव की एक अनामिका नाम की लड़की से कोर्ट मैरिज की थी. जिसके बाद इस शादी को लेकर परिवार के कुछ लोग नाराज चल रहे थे. बताया जा रहा है कि इस शादी से विशाल का साला खासकर नाराज था. पुलिस का मानना है कि इसी नाराजगी के चलते यह पूरी वारदात हुई है.
डॉक्टरों ने किया हायर सेंटर रेफर
जब यह घटना हुई तो उसके बाद आवाज सुनकर गांव के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा होने लगे. जिसके बाद में घायल व्यक्ति को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. इस पूरी घटना की सूचना मिलने के बाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई. CO सिटी संग्राम सिंह का कहना है कि इस मामले में तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है.
यह भी पढ़ें- नए UGC कानून को लेकर विवादों के बीच बोले शिक्षा मंत्री, किसी का उत्पीड़न नहीं होगा- धर्मेंद्र प्रधान
