महाराष्ट्र के वाशिम में एक व्यक्ति नाले में उतर गया और सीवर की सफाई करने लगा. व्यक्ति ने बताया कि शिकायत के बाद भी नगर निगम ने कोई एक्शन नहीं लिया, जिसके बाद उसे खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा.

सीवर को साफ करने पर लगा व्यक्ति
महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सभी को हैरान करके रख दिया है. खबर सामने आने के बाद नगर निगम की व्यवस्था के ऊपर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. यहां एक व्यक्ति गर्दन तक नाले में डूबकर जीम हुए सीवर को साफ करता हुआ दिखाई दिया. इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. व्यक्ति खुद ही पाइप के सहारे नाले में जमा हुई गंदगी को हटाने की कोशिश में लग गया.
लोगों के घरों में घुसने लगा पानी
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला वाशिम शहर के मध्यमेश्वर मंदिर परिसर के सौदागारपुरा का है. इलाके में ड्रेनेज लाइन बुरी तरह से चोक हो गई है. जिसके बाद हालात काफी खराब हो गए और गंदा पानी लोगों के घरों में भी घुसने लगा. स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बार उन्होंने नगर निगम और वार्ड पार्षद से मामले की शिकायत भी की, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई.
नाले में उतर गया शख्स
बताया जा रहा है कि इस दौरान सैय्यद समीर के घर में भी सीवर का पानी भरने लगा. समीर प्लंबिंग का काम करते हैं. व्यक्ति ने जब काफी इंतजार किया और उसके बाद भी प्रशासन से कोई नहीं आया, तो व्यक्ति खुद ही नाले के पानी में उतर गया. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि व्यक्ति गर्दन तक डूबा हुआ है. व्यक्ति एक लंबे पाइप की मदद से नाले में जमा हुई गंदगी को हटाने की कोशिश कर रहा है.
वीडियो वायरल होने के बाद पहुंचा प्रशासन
हालांकि कुछ समय की मेहनत के बाद नाला खुल जाता है और पानी आगे बहने लगता है. इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ गुस्सा फूट गया है. सोशल मीडिया पर वीडियो फैलते ही नगर निगम के कर्मचारी और वार्ड पार्षद भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये सिर्फ खानापूर्ति थी. इस घटना के बाद नगर निगम की व्यवस्था के ऊपर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें- मेरठ के अस्पताल का खौफनाक खेल! बुजुर्ग को जबरन बताया HIV पॉजिटिव, डराकर वसूले 2 लाख और फिर हुआ ये बड़ा खुलासा
