Lucknow News: बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रही विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर बुधवार रात इमरजेंसी लैंडिंग की गई. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार भुवनेश्वर में मौसम खराब होने और फ्लाइट में ईंधन कम होने की वजह से लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. इमरजेंसी लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर तैनात स्टाफ को सतर्क किया गया था. अधिकारियों के अनुसार, अकासा एयर की यह फ्लाइट बोइंग 737 MAX 8 विमान (रजिस्ट्रेशन VT-YAJ) थी, जिसमें कुल 194 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे. विमान रात में 9:21 पर से कुशल लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया जिसे बाद में ईंधन भरने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना किया गया.
विमान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
कर्नाटक के बेंगलुरु से ओडिशा के भुवनेश्वर जा रहे विमान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. दरअसल, अकासा एयर की फ्लाइट QP 1503 बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रही थी और इस बीच भुवनेश्वर में आंधी-बारिश शुरू हो गई. सूत्रों के अनुसार उड़ान के दौरान विमान का ईंधन तेजी से कम होने लगा. जिसके बाद पायलट ने ATC को अलर्ट जारी किया. हालात को देखते हुए लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने फौरन फुल इमरजेंसी घोषित कर रनवे को खाली करा दिया. एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर सीआरपीएफ, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस को तैनात किया गया. रात 9:21 बजे विमान ने रनवे-09 पर सुरक्षित लैंडिंग की. फ्लाइट में कुल 194 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे.
अलर्ट के बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी
सूत्रों के मुताबिक विमान के पायलट की सूचना मिलते ही अमौसी एयरपोर्ट पर तैयारियां शुरू की गई. एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी. रनवे पर मौजूद अन्य फ्लाइट के मूवमेंट को रोक दिया गया। पूरे रनवे को खाली कराया गया. इसके अलावा एयरपोर्ट पर क्रैश फायर टेंडर्स, मेडिकल यूनिट और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें तैनात कर दी गईं. कंट्रोल रूम से लगातार विमान की निगरानी शुरू की गई. किसी प्रकार की दुर्घटना या नुकसान नहीं हुआ. सकुशल लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। लखनऊ एयरपोर्ट पर तीन यात्री उतर भी गए.
ये भी पढ़ें: झुलसाती गर्मी के बीच आज से पलटेगा मौसम का मिजाज; यूपी के 10 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी
