UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को अब राहत मिलने जा रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ेंगी. यहां जानिए मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी…
यूपी के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून बारिश
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से 28 से 31 मई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। कई जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका है. पश्चिमी और मध्य यूपी के साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में भी मौसम बदलने के संकेत हैं. मौसम विभाग ने आगरा, मेरठ, कानपुर, हमीरपुर, बांदा समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है.
लखनऊ-नोएडा-गाजियाबाद का जानें मौसम
राजधानी लखनऊ में बुधवार को चली हवाओं ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. नोएडा में पिछले एक सप्ताह से तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है. गाजियाबाद में भी मौसम करवट लेने जा रहा है. बुधवार को दिनभर तेज सतही हवाएं चलीं और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गुरुवार से आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
60 से 100 KMPH की स्पीड से चलेंगी हवाएं
IMD के मुताबिक पश्चिमी यूपी में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की तेज हवाओं का अनुमान है. बारिश और तेज हवाओं के असर से प्रदेश के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे लोगों को अगले एक सप्ताह तक लू और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है. एक हफ्ते बाद तपिश भरे दिनों की फिर से वापसी होगी. फिलहाल गुरुवार को बुंदेलखंड और प्रयागराज में लू और तपिश महसूस की जाएगी.
ओलावृष्टि का अलर्ट
जिन जिलों के लिए ओलोवृष्टि का अलर्ट जारी किया है वो हैं, सहारनपुर, शामती, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आसपास के इलाके
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से चल रही नम हवाएं
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 28 मई से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. साथ ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नम हवाएं मौसम को तेजी से बदल रही हैं. इन परिस्थितियों के कारण प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश और तेज आंधी की स्थिति बन रही है.
ये भी पढ़ें: खुले और सड़कों पर नमाज़ की इजाजत नहीं; इटावा से मलिहाबाद तक प्रशासन मुस्तैद, संवेदनशील इलाकों में RAF और PAC तैनात
