Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सोमवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया जब छुही मिट्टी निकालने गईं महिलाओं के ऊपर अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा. बताया जा रहा है कि गांव की करीब छह महिलाएं जंगल क्षेत्र में खुदाई कर रही थीं, तभी अचानक जमीन धंस गई और सभी उसके नीचे दब गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े.
क्या हैं पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया. काफी मशक्कत के बाद अब तक तीन महिलाओं के शव मलबे से बाहर निकाले जा चुके हैं. वहीं एक महिला की तलाश अभी भी जारी है. प्रशासन का कहना है कि जब तक पूरी तरह सर्च ऑपरेशन खत्म नहीं हो जाता, तब तक राहत कार्य जारी रहेगा.
दो महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया
खबर के मुताबिक, हादसे के दौरान दबी दो महिलाओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच सकी. दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन वे सदमे में हैं.
पूरे गांव में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.जंगल क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम और अवैध खुदाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि आजीविका के लिए महिलाएं छुही मिट्टी निकालने जाती हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं.प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है. फिलहाल पूरे इलाके में गम और सन्नाटा पसरा हुआ है.
