मथुरा न्यूज: यूपी के मथुरा के छाता क्षेत्र में स्थित दिल्ली गेट की ऐतिहासिक छतरियों में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली की कई ऐतिहासिक छतरियों को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुरातत्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
कब की है घटना?
ये घटना सुबह के समय की बताई जा रही है जब स्थानीय लोगों ने छतरियों से धुआं और आग की लपटों को उठते हुए देखा. देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. लोगों ने इसकी सूचना फौरन फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया.
प्राचीन संरचनाओं को नुकसान
बताया जा रहा है कि ये छतरियां ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की हैं, जिनसे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत जुड़ी हुई है. आग लगने से इन प्राचीन संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो पाया है.
आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों को भी सतर्क कर दिया गया है, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो.
कैसे लगी आग?
अधिकारियों की मानें तो अभी आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है. शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण की जताई जा रही है, लेकिन पुष्टि जांच के बाद ही होगी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.
ये भी पढ़ें: आज BJP का 47वां स्थापना दिवस, सीएम योगी ने दी बधाई, जिला, विधानसभा, बूथ स्तर पर भी आयोजन
