BJP Foundation Day In UP : उत्तर प्रदेश में 6 अप्रैल का दिन राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि आज भारतीय जनता पार्टी अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मना रही है. इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें कार्यकर्ताओं और आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है. BJP कार्यकर्ता गांव-गांव में भ्रमण करेंगे.
सीएम योगी ने दी बधाई, आजमगढ़ दौरे पर रहेंगे
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने इसे राष्ट्रसेवा और संगठन की मजबूती का प्रतीक बताया. सीएम योगी आज आजमगढ़ दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
लखनऊ मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रम
राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. यहां प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा पार्टी ध्वज फहराया.
बूथ स्तर तक कार्यक्रम
बता दें कि पार्टी नेतृत्व ने निर्देश दिए हैं कि स्थापना दिवस के कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों को जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है. बीजेपी के कार्यकर्ता गांव-गांव में भ्रमण करेंगे.
विकास यात्रा और विचारधारा पर होगी चर्चा
इस कार्यक्रमों के दौरान भाजपा की विकास यात्रा, विचारधारा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर रहेगा. साथ ही संगठन के संघर्ष, सेवा और सुशासन की यात्रा को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे लोगों को पार्टी की नीतियों की जानकारी मिल सके.
राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर सम्मान समारोह
शाम के समय राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा जिला स्तर पर भी सम्मान समारोह आयोजित होंगे.
7 से 12 अप्रैल तक चलेगा जनसंपर्क अभियान
इस स्थापना दिवस के बाद मंगलवार से गांव-गांव जनसंपर्क अभियान की शुरुआत होगी, जो 12 अप्रैल तक चलेगा. इस अभियान के तहत कार्यकर्ता आम जनता से संवाद कर पार्टी की योजनाओं और नीतियों की जानकारी देंगे, साथ ही संगठन विस्तार पर भी जोर दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: Azamgarh News: आज आजमगढ़ आ रहे हैं सीएम, करेंगे डेयरी प्लांट का उद्घाटन, प्रशासन अलर्ट
