आजमगढ़: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को आजमगढ़ दौरे पर रहेंगे. सीएम करीब डेढ़ घंटे के लिए जिले में रहेंगे. वे दोपहर बाद 3 बजे ग्राम मीरिया रेहड़ा में स्थापित दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण करेंगे. उनके दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है. कार्यक्रम को लेकर रविवार को पुलिस लाइंस सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा में तैनात अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को ब्रीफिंग दी.
सीएम करेंगे डेरी का उद्घाटन
आज प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनपद आजमगढ़ के कन्धरापुर क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निकट स्थित ग्राम मीरिया रेहड़ा में श्रीबाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के अवशीतन केंद्र का लोकार्पण करेंगे. इस अवसर पर सीएम योगी जनसभा करना भी प्रस्तावित है. जानकारी के मुताबिक सूबे के सीएम आज दोपहर 3 बजे लगभग पहुंचेंगे जहां दुग्ध डेयरी का लोकार्पण करेंगे, उसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन अंतिम तैयारियों में जुटा है.
दुग्ध अवशीतन केंद्र की क्षमता 40 हजार लीटर रोज
इस दुग्ध अवशीतन केंद्र की क्षमता 40,000 लीटर प्रतिदिन है तथा अवशीतन केंद्र में कुल 165 ग्राम आच्छादित हैं एवं इसका दुग्ध उपार्जन करने वाली महिला सदस्यों की संख्या 3833 है.
इन महिला दुग्ध उत्पादकों द्वारा वर्तमान में 25,000 लीटर दुग्ध ग्राम स्तर पर संग्रह कर प्राप्त कराया जा रहा है. इस दुग्ध अवशीतन केंद्र को ग्राम स्तर पर 10 कार्मिकों द्वारा दुग्ध उपार्जन कार्य संपादित किया जा रहा है. इस दुग्ध अवशीतन केंद्र के संचालन के लिए कुल 18 दुग्ध संग्रहण मार्ग बनाए गए हैं. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलेगा और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा.
ये भी पढ़ें: UP Rain Alert: आंधी-तूफान के लिए रहिए तैयार, यूपी के इन जिलों में 7-8 अप्रैल को दो पश्चिमी विक्षोभ दिखाएंगे तेवर
