मिडिल ईस्ट युद्ध का असर सीधे तौर पर लखनऊ में दिखाई देने लगा है. घरेलू सिलेंडरों में वेटिंग बढ़ गई है. जो सिलेंडर 24 घंटों में पहुंच जाता था, वह आज हफ्ते से भी ज्यादा का समय ले रहा है.
लखनऊ में रेस्टोरेंट-होटल बंद होने की कगार पर
मिडिल ईस्ट में हो रही जंग का असर अब भारत में दिखाई देने लगा है. खाड़ी देशों के बीच तनाव के कारण अब उत्तर प्रदेश में आम लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 2 दिनों से कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई में देरी आ रही है. जिसके कारण शहर में रेस्टोरेंट, होटल और केटरिंग चालक साफ तौर पर परेशान नजर आ रहे हैं.
घरेलू सिलेंडरों में बढ़ी वेटिंग
सिलेंडरों की सप्लाई में कमी आने के कारण काम रुकने जैसी स्थिति सामने आ रही है. आपको बता दें कि इसी के साथ घरेलू सिलेंडरों में भी वेटिंग बढ़ गई है. जहां सिलेंडर बुकिंग के दूसरे दिन पहुंच जाता था, वहीं अब सिलेंडर 5 से 7 दिनों का समय ले रहा है. जानकारी के मुताबिक घरेलू सिलेंडर का कोटा 20 से 25% तक घटा दिया गया है. लखनऊ में हालात खराब नजर आ रहे हैं.
एक हफ्ते से ज्यादा का लग रहा समय
जानकारी के मुताबिक लखनऊ में लगभग 105 गैस एजेंसियां हैं और हर दिन 25 हजार सिलेंडरों की खपत होती है. तेल कंपनियों के मैनेजर जितेंद्र ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि युद्ध के कारण सप्लाई में वहीं से देर हो रही है और इसी कारण सिलेंडर समय के साथ नहीं पहुंच पा रहा है. जितेंद्र ओझा ने बताया कि पहले सिलेंडर 24 घंटे से पहले पहुंच जाता था, लेकिन अब एक हफ्ते से भी ज्यादा का समय लग रहा है.
गैस एजेंसियों के बाहर भारी भीड़
जितेंद्र ओझा ने बताया कि हालांकि अभी इतनी ज्यादा किल्लत भी नहीं है, लेकिन गैस ऐजेंसियों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिल रही है. गैस एजेंसी के लोड इंचार्ज राकेश प्रजापति ने एक मीडिया चैनल से बात करते हुए बताया कि लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है. उन्होंने कहा कि 24 घंटे में डिलिवर होने वाला सिलेंडर अब हफ्ते भर से भी ज्यादा समय ले रहा है.
यह भी पढ़ें- 21 साल की महिला बनी सौदे की चीज! 1 महीने में 3 बार बेची गई शादीशुदा महिला, जबरदस्ती करवाई गई लोगों से शादी
