महाराष्ट्र के बीड जिले में एक 21 साल की शादीशुदा महिला को 1 महीने में 3 बार बेचा गया. महिला की हर बार जबरदस्ती शादी करवाई गई. जब महिला से चौथी बार शादी करने के लिए कहा गया, तो महिला ने आत्महत्या करने की कोशिश की.
शादीशुदा महिला को 3 बार बेचा
महाराष्ट्र से ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार करके रख दिया है. महाराष्ट्र के बीड जिले में एक 21 साल की विवाहिता को कई बार बेचा गया. महिला को सिर्फ सौदे की चीज समझकर एक महीने के अंदर ही लगभग 3 बार अलग-अलग लोगों को बेचा गया. जिसके बाद उसकी जबरदस्ती शादी भी कराई गई. महिला ने इन घटनाओं और लगातार होने वाली बेइज्जती के कारण जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की.
जबरदस्ती कराई गई शादी
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना बीड जिले के आष्टी तालुका की है. यहां पैसों के लालच के कारण एक 21 साल की शादीशुदा महिला को एक ही महीने में 3 अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग लोगों को बेचा गया. जिसके बाद उसकी जबरदस्ती शादी कराई गई. इसी मानसिक तनाव और प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित महिला ने जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश भी की है.
2 साल पहले हुई थी पहली शादी
आपको बता दें कि लातूर की रहने वाली एक महिला की 2 साल पहले पहली शादी हुई थी. जिसके बाद पति के खराब बर्ताव के कारण वह अपने मायके में ही रह रही थी. इसी दौरान वह पुणे के हडसपर की एक एजंट महानंदा से मिली. जिसने महिला को दूसरी शादी का झांसा देकर पुणे बुला लिया. जिसके बाद पुणे में महानंदा ने अमर कोलभोर नाम के एक व्यक्ति से लगभग 5 लाख रुपए लेकर उसकी जबरदस्ती शादी करवा दी.
3 बार लोगों से लिए गए पैसे
दूसरी शादी होने के लगभग 10 दिनों बाद ही महिला को वहां से निकालकर दूसरे व्यक्ति के साथ 4.5 लाख रुपए में बेच दिया और उससे शादी करवा दी. इतनी ही नहीं, 4 मार्च को आष्टी तालुका के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ उसकी तीसरी शादी करवाकर फिर से 4.5 लाख रुपए ले लिए गए. जिसके बाद 6 मार्च को महिला से चौथी बार शादी करने के लिए कहा गया, जिसके बाद महिला ने तंग आकर जहरीली दवाई पी ली. जिसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस ने मामला किया दर्ज
जानकारी के मुताबिक महिला का इलाज मिरजगांव में मौजूद एक अस्पताल में चल रहा है. फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी महानंदा और उसके पति के साथ 2 अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इस मामले को लेकर पुलिस की टीम लगातार जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- तेल संकट के बीच की बांग्लादेश की मदद, भारत से पाइपलाइन के जरिए पहुंचा 5 हजार टन डीजल
