मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान कई गोविंदा घायल होने की घटना सामने आयी हैं. बताया जा रहा है कि 22 लोगों को घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से अधिकांश को छुट्टी मिल गई. वहीं पुणे में भी एक महिला की मौत हो गई.
महाराष्ट्र में दही हांडी का उत्सव पूरे उत्साह और काफी धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में हजारों गोविंदा दल मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने के लिए मैदान में उतर रहे हैं. हालांकि उत्सव के दौरान कई जगह हादसे भी सामने आए हैं. मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान कुछ ही घंटों में 22 गोविंदा घायल हो गए, जिन्हें शहर के अलग-अलग सरकारी और नगर निगम अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
एक गोविंदा की हालत गंभीर
मुंबई नगर निगम प्रशासन के मुताबिक 5 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक दही हांडी उत्सव के दौरान कुल 22 गोविंदा घायल हुए. इन घायलों मे से 21 घायलों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज अभी अस्पताल में जारी है.
अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती
प्रशासन के मुताबिक मुंबई के सीटी अस्पताल में 20 घायल गोविंदाओं को भर्ती कराया गया था, जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. वहीं इसके अलावा एक घायल व्यक्ति को ईएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उपचार के बाद उसे भी डिस्चार्ज कर दिया गया था. बताया जा रहा है कि एक अन्य घायल का इलाज डब्ल्यूएस अस्पताल में चल रहा है. नगर निगम प्रशासन ने बताया कि फिलहाल दही हांडी उत्सव के दौरान कोई बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई है.
हादसे में हुई महिला की मौत
आपको बता दें कि ठाणे में भी दही हांडी कार्यक्रम के दौरान एक हादसा हुआ. कोप्रीकर गोविंदा टीम नौ स्तर की सलामी देने की कोशिश कर रही थी. इसी दौरान पहली सलामी के दौरान मंच गिर गया, जिससे टीम के चार सदस्य घायल हो गए. हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. वहीं पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ में भी दही हांडी उत्सव से जुड़ा एक दुखद हादसा सामने आया. यहां लोहे का मेहराब गिरने से 45 साल की एक महिला सलमा पठान गंभीर रूप से घायल हो गईं. जानकारी के मुताबिक रात के समय दही हांडी से जुड़ी व्यवस्था हटाने का काम चल रहा था, तभी लोहे का एक हिस्सा उनके सिर पर गिर गया. उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
