महाराष्ट्र के मुंबई से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. मुंबई के गोरेगांव पश्चिम में स्थित एक मकान में आग लग गई. इस आग के कारण एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई. यह पूरी घटना शनिवार को सुबह भगत सिंह नगर में मौजूद एक मकान में हुई है.
मुंबई में दर्दनाक हादसा
मुंबई के गोरेगांव पश्चिम में इलाके में मौजूद भगत सिंह नगर में स्थित एक मकान में शनिवार सुबह को भीषण आग लग गई. यह हादसा राजाराम लेन में स्थित एक रिहायशी मकान में हुआ है. इस हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. इस घटना में मरने वाले लोगों में एक 12 साल का बच्चा और एक 19 साल की युवती शामिल है. इस घटना के बाद में इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है.
ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी आग
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई. फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक यह पूरी घटना शनिवार को सुबह लगभग 3 बजे के आस-पास हुई है. उन्होंने बताया कि आग एक ग्राउंड प्लस वन (G+1) ढांचे वाले मकान में लगी थी. शुरुआती में मिली जानकारी के मुताबिक आग पहले मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के तारों और कुछ घरेलू सामानों में लगी थी, जिसके बाद आग ने भीषण रूप लेते हुए पहली मंजिल को पकड़ लिया और पूरे मकान में फैल गई.
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम
जब मकान में आग लगी तो इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से पहले वहां के स्थानीय लोगों ने बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाकर उसे बुझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन वे लोग आग के ऊपर काबू न पा सके. जिसके बाद में मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और बिजली के तारों को काटकर सप्लाई बंद करके आग के ऊपर काबू पाया था.
मामले की जांच जारी
आग वाले घर में फंसे हुए 3 लोगों को बाहर निकालकर पुलिस वैन और अपने निजी वाहनों की मदद से ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया गया. जब तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, तो डॉक्टरों ने सभी को ब्रॉट डेड घोषित कर दिया. मरने वाले लोगों की पहचान 19 साल की हर्षदा पावस्कर, 12 साल के कुशल पावस्कर और 48 साल के संजोग पावस्कर के रूप में हुई है. फिलहाल अभी आग लगने के पीछे के सही कारणों के बारे में पता नहीं लग पाया है. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की अब खैर नहीं, अमित शाह की अध्यक्षता में हुई हाई-लेवल बैठक।
