Reliance Industries Venezuela oil: रिलायंस इंडस्ट्रीज अमेरिका के टैरिफ के चलते रुकी वेनेजुएला से कच्चे तेल की खरीद को फिर शुरू करने पर विचार कर रही है, जिस पर नियमों की स्पष्टता के बाद फैसला लिया जाएगा.

Reliance Industries Venezuela oil: देश के सबसे बड़े उद्योग समूह रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक बार फिर वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदने पर विचार कर सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी मार्च 2025 में लगी रोक के बाद अब दोबारा इस ऑप्शन को टटोल रही है. यह रोक उस समय लगी थी, जब अमेरिका ने वेनेजुएला से तेल आयात करने वाले देशों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया था.
रिलायंस ने मई 2025 में वेनेजुएला से आखिरी बार तेल की खेप मंगाई थी. इसके बाद अमेरिकी फैसले के कारण कंपनी को यह खरीद रोकनी पड़ी, उद्योग जगत में इस वापसी को लेकर काफी चर्चा है, क्योंकि इससे रिलायंस की सप्लाई चेन और रिफाइनरी संचालन पर बड़ा असर पड़ सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर नियमों में ढील मिलती है, तो कंपनी फिर से वेनेजुएला का रुख कर सकती है.
रिलायंस इंडस्ट्रीज पश्चिमी गुजरात में दो बड़ी रिफाइनरियां चलाती है, जिनकी कुल क्षमता करीब 14 लाख बैरल प्रतिदिन है. इन रिफाइनरियों को इस तरह तैयार किया गया है कि वे वेनेजुएला के मेरेय जैसे भारी और सस्ते कच्चे तेल को भी आसानी से प्रोसेस कर सकते हैं. ऐसे में अगर वेनेजुएला से तेल की खरीदना दोबारा शुरू होता है, तो रिलायंस के लिए यह फायदेमंद साबित हो सकता है.
कंपनी के एक प्रवक्ता ने बताया कि रिलायंस फिलहाल इस बात की स्पष्टता का इंतजार कर रही है कि गैर-अमेरिकी खरीदारों के लिए वेनेजुएला का तेल किन शर्तों पर उपलब्ध होगा. उन्होंने कहा कि कंपनी सभी अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करते हुए ही कोई फैसला लेगी. यह बयान उस समय आया, जब रॉयटर्स ने कंपनी से इस विषय पर प्रतिक्रिया मांगी थी.
गौर करने वाली बात यह है कि वेनेजुएला का कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड की तुलना में आमतौर पर 5 से 8 डॉलर प्रति बैरल सस्ता होता है. हालांकि यह तेल भारी और अधिक सल्फर वाला होता है, जिसे केवल कुछ चुनिंदा रिफाइनरियां ही प्रोसेस कर पाती हैं. भारत में रिलायंस का जामनगर रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स, नायरा एनर्जी की वडीनार रिफाइनरी और इंडियन ऑयल का पारादीप प्लांट इस तरह के तेल को रिफाइन करने में सक्षम माना जाता है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
