mystery of tartessos civilization: स्पेन की प्राचीन टार्टेसॉस सभ्यता अपनी समृद्धि और व्यापार के लिए प्रसिद्ध थी, लेकिन यह अचानक इतिहास से गायब हो गई. वैज्ञानिक आज भी इसके पतन के पीछे भूकंप, सुनामी या व्यापारिक गिरावट जैसे कारणों की तलाश कर रहे हैं.

mystery of tartessos civilization: स्पेन के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक समय एक बेहद समृद्ध सभ्यता बसी हुई थी. इस सभ्यता का नाम Tartessos था. यह इलाका Guadiana Valley में फैला हुआ था. कहा जाता है कि इसका प्रभाव करीब 200 से 300 किलोमीटर तक था. लेकिन हैरानी की बात यह है कि यह पूरी सभ्यता अचानक गायब हो गई. आज तक कोई साफ जवाब नहीं मिल पाया कि वहां के लोग कहां चले गए.
इतिहासकारों और पुरातत्वविदों ने इस सभ्यता को समझने की काफी कोशिश की है. खुदाई में कई चीजें मिली हैं. इससे पता चलता है कि यह समाज काफी विकसित था. यहां व्यापार खूब होता था. अलग-अलग जगहों से मिले सामान बताते हैं कि यह एक बड़ा व्यापारिक केंद्र था. लेकिन इतने बड़े समाज का अचानक खत्म हो जाना आज भी एक रहस्य बना हुआ है.
माना जाता है कि इस सभ्यता का संबंध Phoenicia के लोगों से था. ये लोग बहुत अच्छे व्यापारी और नाविक थे. वे आज के लेबनान, सीरिया और इजरायल के इलाके से आए थे. उन्होंने समुद्र के रास्ते व्यापार फैलाया. टार्टेसॉस में उनकी संस्कृति और स्थानीय लोगों की परंपराएं मिलकर एक नई पहचान बनी. कुछ विशेषज्ञ तो यह भी मानते हैं कि यह सभ्यता फोनीशियन आने से पहले ही विकसित हो चुकी थी.
इस शहर के बारे में कई पुरानी कहानियां भी मिलती हैं. यूनानी इतिहासकार Herodotus ने भी एक ऐसे बंदरगाह शहर का जिक्र किया था. उन्होंने इसे हरक्यूलिस के स्तंभों के पार बताया था, जिसे आज Strait of Gibraltar कहा जाता है. एक कहानी के अनुसार, एक व्यापारी कोलियस यहां पहुंचा था. उसने यहां व्यापार किया और भारी मात्रा में चांदी लेकर वापस गया. इससे पता चलता है कि यह जगह व्यापार के लिए बहुत महत्वपूर्ण थी.
टार्टेसॉस के खत्म होने को लेकर कई अलग-अलग राय हैं. कुछ लोगों का मानना है कि व्यापार में गिरावट आई होगी. खनन का काम भी प्रभावित हुआ होगा. इससे समाज में तनाव बढ़ा होगा. वहीं कुछ विशेषज्ञ कहते हैं कि किसी बड़े भूकंप और उसके बाद आई सुनामी ने इस सभ्यता को तबाह कर दिया होगा. हालांकि सच्चाई क्या है, यह आज भी साफ नहीं है. शोध अब भी जारी है और उम्मीद है कि भविष्य में इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा.
