महाराष्ट्र के नागपुर में फ्लाईओवर पर चलती कार में अचानक आग लग गई. जिसके बाद कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई. हादसे में कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है.
चलती कार में लगी आग
महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. नागपुर के वर्धा रोड पर जयप्रकाश मेट्रो स्टेशन के पास डबलडेकर फ्लाईओवर पर एक चलती हुई कार में अचानक से आग लग गई. जिसके बाद देखते ही देखते पूरी कार जलकर पूरी तरह से खाक हो गई. हालांकि इस हादसे के दौरान कार चालक ने समय के साथ कूदकर अपनी जान बचा ली.
रिश्तेदार से मिलकर लौट रहा था चालक
हादसे के बाद कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर ट्रैफिक भी जमा हो गया था. जानकारी के मुताबिक कार चालक यशोधरानगर का रहने वाला है और उसकी पहचान अमजद खान उर्फ इमरान खान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपने रिश्तेदार से मिलने के बाद घर पर वापस लौट रहे थे. जिसके बाद जब वे राजीव नगर के पास फ्लाईओवर पर पहुंचे, उसी दौरान कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा.
दरवाजे भी हो गए लॉक
कार के बोनट से धुआं निकलते देख उन्होंने कार को तुरंत ही सड़क के किनारे लगाने की कोशिश की. जैसे ही उन्होंने कार को सड़क किनारे लगाने की कोशिश की तो इसी दौरान कार के दरवाजे लॉक हो गए. कार के दरवाजे लॉक होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई. किसी तरह से उन्होंने कोशिशों के बाद अपने आप को कार से बाहर निकाला. जैसे ही वे कार से बाहर निकले, तो तुरंत ही पलों में आग काफी तेजी से भड़क गई और जलने लगी.
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
कार में आग लगने के कारण फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम की मशक्कत के बाद आग के ऊपर काबू पाया गया. हालांकि जब तक आग के ऊपर काबू पाया गया, तब तक कार पूरी तरह से जल गई थी. फिलहाल हादसे के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं लग पाया है.
यह भी पढ़ें- “यह वकालत नहीं, सरेआम गुंडागर्दी है!” बाराबंकी टोल विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का यूपी के वकीलों को करारा जवाब
