उत्तराखंड के नैनीताल में मौजूद ब्रिटिश काल की पुरानी कोठी ग्लेनमोर में आचानक से आग लग गई. जिससे यह पूरी कोठी जलकर मलबे में बदल गई. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आग लगने के पीछे की वजहों के बारे में जांच कर रही हैं.
ब्रिटिश काल की कोठी में लगी आग
उत्तराखंड में एक बार फिर से आग का तांडव दिखाई दिया है. उत्तराखंड के नैनीताल में रविवार को एक ऐसा मंजर दिखा, जिसे देख सभी लोग हैरान रह गए. यहां वार्ड नंबर 7 में मौजूद ब्रिटिश काल की पुरानी कोठी ग्लेनमोर में आचानक से आग लग गई. जानकारी के मुताबिक यह पूरी कोठी मुख्य रूप से लकड़ी से बनी हुई थी. जिसके कारण आग ने कुछ ही समय में पूरी कोठी को खाक कर दिया.
परिवार को निकाला गया बाहर
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय ब्रिटिश काल की इस पुरानी कोठी में ललित मोहन तिवारी और अनिल जोशी के परिवार रह रहे थे. ललित तिवारी आज दोपहर में यहां पर होली की छुट्टियों को मनाने के लिए आए थे, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि इस तरह का हादसा हो जाएगा. हालांकि राहत की बात यह रही कि कोठी में आग लगते ही पड़ोसियों ने देखा और दोनों सुरक्षित रूप से साथ बाहर निकाल लिया गया.
स्थानीय लोगों ने दी फायर ब्रिगेड को सूचना
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत ही फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी, लेकिन जब तक टीम पहुंची, तब तक आग बेकाबू हो गई थी. यह कोठी लकड़ी की बनी हुई थी, जिसके कारण यहां काफी जल्दी आग फैल गई. हालांकि फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक यह कोठी मलबे में बदल गई थी.
पुलिस कर रही मामले में जांच
जानकारी के मुताबिक इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन संपत्ति में काफी नुकसान हुआ है. फिलहाल अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि इतनी भयंकर आग कैसे लग गई. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर जांच कर रही है और इसके पीछे के कारणों को पता लगा रही है.
यह भी पढ़ें- एटा में तेज रफ्तार का कहर! ट्रक ने मारी बाइक सवारों को टक्कर, भाई ने आंखों से देखी बहन और भांजे की मौत
