राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने म्यांमार में आतंकवाद की ट्रेनिंग देने के मामले में 7 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों में 6 यूक्रेन और 1 अमेरिकी नागरिक बताया जा रहा है.
7 विदेशी नागरिक गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. NIA ने म्यांमार में आतंकवाद की ट्रेनिंग देने के मामले में 7 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 6 आरोपी यूक्रेन के हैं और 1 नागरिक अमेरिका का बताया जा रहा है. इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अदालत ने इन्हें 11 दिनों के लिए NIA की हिरासत में भेज दिया है.
म्यांमार में देते थे आतंकवाद की ट्रेनिंग
हिरासत में लेने के बाद जांच एजेंसी इन सभी आरोपियों से अवैध एंट्री, हथियार ट्रेनिंग, ड्रोन ट्रेनिंग और ड्रोन आयात से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है. NIA के मुताबिक ये सभी विदेशी आरोपी म्यांमार में भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के बाद में आतंकवादियों को हथियारों और ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग देते थे. NIA की जांच में सामने आया है कि ट्रेनिंग के लिए इन लोगों ने यूरोप से भी ड्रोन मंगाए थे.
एजेंसी कर रही जांच
NIA ने इस तरह के अवैध प्रशिक्षण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. इस पूरे मामले में NIA यह भी जांच रही है कि इन सभी विदेशी नागरिकों के संबंध किन संगठनों और नेटवर्क के साथ में हैं. एजेंसी जांच रही है कि इस तरह की ट्रेनिंग के जरिए क्या किसी बड़े आतंकी संगठन को ट्रेनिंग दी जा रही थी. मामले में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए मणिपुर के तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास से 7 विदेशी नागरिकों को आतंकवादियों को ट्रेनिंग देने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
कई हथियार और विस्फोटक बरामद
अधिकारी ने बताया कि विद्रोही PREPAK, कंगली यावोल कन्ना लुप (KYKL) और कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (MFL) से जुड़े थे. वहीं एक दूसरे ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने जिले में मौजूद बोलजांग पहाड़ी श्रृंखला से बड़ी मात्रा में छोटे हथियार और विस्फोटक को बरामद किया है. पुलिस ने बताया कि बरामद हुई चीजों में आठ इम्प्रोवाइज़्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IEDs), एक पिस्तौल, एक पिस्तौल मैगज़ीन, एक देसी मोर्टार, दो रेडियो सेट और अलग-अलग कैलिबर के नौ जिंदा कारतूस शामिल थे
यह भी पढ़ें- छुट्टी को लेकर हुआ विवाद! बैंक के अंदर गार्ड ने मैनेजर को मारी गोली, हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी
