उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने क्रूज और विदेशों में नौकरी देने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है.
विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी का पर्दाफाश
उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने विदेशों में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. नोएडा के पुलिस थाना सेक्टर-113 में क्रूज और विदेशों में नौकरी दिलाने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है. मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को नौकरी देने का लालच देते थे और उनसे ठगी करते थे.
सोशल मीडिया पर चलाते थे नकली विज्ञापन
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर WE ARE HIRING नाम से नकली पेड विज्ञापन को चलाते थे. इन्हीं विज्ञापनों के जरिए लोग इन तक पहुंचते थे, जिसके बाद गिरोह के सदस्य मासूम लोगों को विदेश और क्रूज में नौकरी देने का लालच देते थे. जो भी लोग इन आरोपियों की बातों में फंस जाते थे, उनसे एक ऑनलाइन फॉर्म भरवाया जाता था और उन लोगों की सभी जानकारियां ले ली जाती थीं.
40 से 60 हजार रुपए की करते थे वसूली
जांच में सामने आया कि आरोपी फॉर्म भरवाते समय लोगों से 40 से 60 हजार रुपए की वसूली करते थे. जिसके बाद जब लोग पैसे दे देते थे, तो उन्हें ई-मेल के जरिए एक फर्जी जॉइनिंग लेटर भेज दिया जाता था. जॉइनिंग लेटर भेजने के बाद में आरोपी उनसे संपर्क करना बंद कर देते थे. पुलिस ने सूचना के आधार पर नोएडा के सेक्टर-73 में मौजूद एंथूरियम बिजनेस पार्क में छापेमारी की और यहीं से पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों के पास से कई चीजें बरामद
मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सरीम खान, शोएब खान, रितिका, मन्तसा अब्बासी, फातिमा और खुशी उर्फ खुशबू के रूप में की गई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल होने वाली चीजें भी बरामद की हैं. आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 5 मॉनिटर, 5 कीबोर्ड, 5 CPU, 1 राउटर, 2 मोहर, 2 चेकबुक, 2 सिम कार्ड और 1 ATM कार्ड सहित कई डॉक्यूमेंट्स बरामद हुए हैं.
यह भी पढ़ें- लाइव कैमरे पर मौत का खेल! 150 की रफ्तार और अनुराग डोभाल का भयानक क्रैश; क्या यह सिर्फ हादसा था या अटेंशन पाने की चाल
