भारत की पैरामिलिट्री फोर्सेज के जवानों के लिए लगभग 10 हजार बुलेटप्रूफ जैकेट्स का ऑर्डर दिया गया है. इस ऑर्डर को SMPP लिमिटेड कंपनी को दिया गया है.
जवानों को मिलेंगी अतिरिक्त बुलेटप्रूफ जैकेट्स
भारत में पैरामिलिट्री फोर्सेज की ताकत में इजाफा होने वाला है. जानकारी के मुताबिक अर्धसैनिक बलों को लगभग 10 हजार बुलेटप्रूफ जैकेट्स मिलने वाली हैं. आपको बता दें कि यह कदम CISF, सशस्त्र सीमा बल (SSB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की सुरक्षा को देखते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है. जवानों को बुलेटप्रूफ जैकेट मिलने के बाद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो जाएगी.
SMPP लिमिटेड को मिला है ऑर्डर
सेना के जवानों की सुरक्षा को देखते हुए बुलेटप्रूफ जैकेट्स का ऑर्डर दिया गया है. इस ऑर्डर को मंगलवार को भारतीय रक्षा विनिर्माण फर्म एसएमपीपी लिमिटेड को दिया गया है. यह कंपनी फिलहाल में पुराने 40 हजार जैकेट्स के ऑर्डर को पूरा कर रही है. पुराने ऑर्डर में अब तक 28 हजार बुलेटप्रूफ जैकेट्स की डिलीवरी पूरी हो चुकी है. बताया जा रहा है कि बची हुई जैकेट्स को अगले फाइनेंसियल ईयर में कॉन्ट्रैक्ट की समय सीमा के हिसाब से डिलीवर किया जाएगा.
एडवांस्ड बैलिस्टिक सुरक्षा प्रणालियों से लैस
SMPP लिमिटेड द्वारा बनाई जाने वाली ये बुलेटप्रूफ जैकेट्स एडवांस्ड बैलिस्टिक सुरक्षा प्रणालियों से पूरी तरह से लैस है. आपको बता दें कि SMPP कंपनी पहले से ही CRPF और सेना को आर्मर पियर्सिंग गोलियों से सुरक्षा देने वाली एडवांस्ड जैकेट्स की सप्लाई कर रही है. इन सभी जैकेट्स को भारत में ही डिजाइन किया जाता है. SMPP अब व्यक्तिगत सुरक्षा प्रणालियों के अलावा 155 मिमी आर्टिलरी गन के गोला-बारूद, ड्रोन और ड्रोन के गोला-बारूद के निर्माण में भी क्षमताओं को बढ़ा रही है.
