नोएडा के सेक्टर 16 में कार मार्केट में सड़कों पर अतिक्रमण को लेकर TheTruth24 की टीम ने 2 दिनों पहले रिपोर्ट की थी. जिसका असर भी दिखाई दिया. नोएडा अथॉरिटी ने कार्रवाई की और कई गाड़ियों को उठाकर ले गई, लेकिन 24 घंटों बाद दोबारा से वही हालात बन गए हैं और लोगों पर प्रशासन की कार्रवाई का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है.

सेक्टर 16 में सड़क अतिक्रमण
TheTruth24 की टीम ने 2 दिनों पहले नोएडा के सेक्टर 16 में कार मार्केट के सड़कों पर अवैध अतिक्रमण को लेकर ग्राउंड रिपोर्ट की थी. जिसके बाद लोगों ने उसे काफी पसंद किया और हमारी उस खबर का असर दिखा और नोएडा पुलिस प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण ने उस बात का संज्ञान लिया. जिसके बाद नोएडा प्राथिकरण के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वहां से अतिक्रमण के खेल को खत्म करवाया था और वहां से अतिक्रमण को हटवाया था.
24 घंटों बाद फिर वही हालात
नोएडा अथॉरिटी के एक्शन के लगभग 24 घंटों बाद जब हमारी टीम उसी जगह पर हाल जानने पहुंची, तो तस्वीरों को देखकर हैरान रह गई. एक्शन होने के 24 घंटों बाद फिर से वहां पर हालात पहले जैसे हो चुके थे. चौराहों पर गाड़ियां फिर से खड़ी हो गई थीं और पहले की तरह ही फिर से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने लगी थी. पुलिस कार्रवाई के लगभग 24 घंटों बाद कार मार्केट में फिर से पहले जैसे ही सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करके काम चलने लगा है.
प्रशासन ने कल की थी कार्रवाई
अब तस्वीरों को देखकर फिर से सवाल उठने लगे हैं. क्या कार्रवाई के 24 घंटे बाद फिर से यह जगह अतिक्रमण का शिकार हो जाएगी, क्या फिर से सड़कों पर वही खेल शुरू हो जाएगा जो कार्रवाई से पहले था. आपको बता दें कि यहां कार्रवाई का कोई असर होता दिखाई नहीं दे रहा है. नोएडा अथॉरिटी और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने दुकानदारों को अतिक्रमण न करने को लेकर नोटिस भी दिया था और कई जगहों पर दुकानों के बाहर बुलडोजर एक्शन लेकर छज्जों को भी तोड़ा गया था और कार्रवाई की गई थी.
व्यक्ति का दावा- यह रोड चलता नहीं है
जब हालातों को जानने के लिए हमारी टीम ने लोगों से बात की तो फिर से हैरानी वाली बातें सामने आईं. एक व्यक्ति से जब पूछा गया कि यहां अतिक्रमण क्यों होता है, तो सामने से जबाव आया कि 20 सालों से परमिशन क्यों नहीं दी गई, जब परमिशन नहीं दी गई है तो सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करके मरम्मत का काम किया जाएगा. जब हमारी टीम ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सड़कों पर अतिक्रमण को खत्म करने की बात कहते हैं और यहां सरेआम अतिक्रमण हो रहा है ऐसा क्यों, तो व्यक्ति कहता है कि यह रोड चलता नहीं है और यह कार मार्केट है, जिसके कारण यहां रोड पर ही गाड़ियां खड़ी होती हैं.
‘यह जगह कार मार्केट वालों की है’
लोगों का कहना है कि सड़कों को गाड़ियां खड़ी करने के लिए बनवाया गया है और यह जगह कार मार्केट वालों को दे दी गई है. अतिक्रमण हटाने के 24घंटे के बाद ही इलाके में फिर से बुरी तरह अतिक्रमण शुरू हो गया है, जिसके बाद सवाल उठता है कि क्या प्रशासन को इसके बारे में जानकारी नहीं है और अगर है तो कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? क्या नोएडा प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण और मुख्यमंत्री योगी के अधिकारी सब सो रहे हैं?
सैकड़ों कॉर्पोरेट ऑफिस मौजूद
जब वहां मौजूद एक दुकान मालिक से पूछा गया कि यहां गाड़ियां क्यों खड़ी हो रही हैं, तो भाई साहब कहते हैं कि अगर कोई व्यक्ति बाहर से आएगा तो वह गाड़ी से ही आएगा और गाड़ी को यहीं पर खड़ा करेगा. आपको बता दें कि सेक्टर 16 में सैकड़ों कॉर्पोरेट ऑफिस मौजूद हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग काम करते हैं. ऑफिस जाने वाले लोगों को सड़कों पर इस अवैध अतिक्रमण के कारण काफी समय जाम में बिताना पड़ता है, जिससे वे समय से ऑफिस नहीं पहुंच पाते हैं.
‘मेन रोड के कारण लगता जाम’
जब लोगों से ट्रैफिक जाम का कारण पूछा गया तो लोग कहते हैं कि बाहर वाले मेन रोड के कारण यहां पर जाम लगता है और गाड़ियां खड़ी करने से किसी तरह का कोई फर्क नहीं पड़ता है. लोग यह मानने को तैयार नहीं हैं कि सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करने से लोगों को समस्या हो रही है और यह अवैध तरीके से अतिक्रमण किया जा रहा है. आपको बता दें कि एक दिन यानी 24 घंटे पहले प्रशासन ने अभियान चलाकर दुकानों के छज्जे तोड़े और कई गाड़ियों को उठाकर ले जाया गया, जिसके बाद भी यहां हालात सुधरते दिखाई नहीं दे रहे हैं.
दुकानदार कमाई के लिए खड़ी करते गाड़ियां- सुमित
जब वहां मौजूद लोगों से पूछा गया कि यहां सड़कों पर ट्रैफिक जाम क्यों हो रहा है, तो व्यक्ति कहता है कि कहां जाम है दिखाओ, सड़क पूरी तरह से क्लियर है. लोग यह मानने को तैयार नहीं है, कि सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करने से अतिक्रमण हो रहा है. सुमित नाम के एक व्यक्ति बताते हैं कि यहां पर दुकानदार अपनी कमाई के लिए गाड़ी खड़ी करवाता है.
यह अतिक्रमण हो रहा है- दुकान मालिक
वहीं एक दुकान मालिक ऐसे भी मिले, जिनका कहना था कि अगर सड़कों पर गाड़ियां खड़ी हो रही हैं तो यह अतिक्रमण है और इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. दुकान मालिक ने हमें बताया कि आज इतना ट्रैफिक नहीं है, लेकिन अगर आप वर्किंग दिनों में आते हैं, तो आपको आधे घंटे से ज्यादा भी ट्रैफिक में फंसना पड़ सकता है और आपका काफी समय खराब हो जाता है.
कार मार्केट में चार लेन की सड़कों पर बुरी तरह से गाड़ियां खड़ी की जा रही हैं, चौराहों पर गाड़ियां सरेआम खड़ी हो रही हैं, जिससे लोगों को ऑफिस आने-जाने में काफी दिक्कत होती है. कार्रवाई की गई लेकिन उसके 24 घंटे बाद ही हालात पहले जैसे हो गए. जिनको देखकर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ और उनके अधिकारियों के ऊपर सवाल उठने लगे हैं कि क्या मुख्यमंत्री के अधिकारी सो रहे हैं. कार्रवाई के 24 घंटे बाद हालात फिर से वैसे ही हो गए हैं, लेकिन नोएडा अथॉरिटी और पुलिस प्रशासन को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है.
अब सवाल उठता है कि क्या प्रशासन सो रहा है, क्या योगी आदित्यनाथ के अधिकारी सो रहे हैं? और अगर नहीं सो रहे हैं तो क्या दोबारा से हो रहे अतिक्रमण की उन्हें कोई जानकारी नहीं हैं. या फिर कोई ऐसी वजह है जिसके कारण अधिकारियों के लिए यहां कार्रवाई करना मुश्किल हो रहा है. कई सवाल खड़े हो रहे हैं, लेकिन उन सवालों का असर प्रशासन पर दिखाई नहीं दे रहा है. लोग खुलेआम सड़कों पर अतिक्रमण कर रहे हैं. प्रशासन हल्की कार्रवाई करता है, लेकिन उसके घंटों बाद ही हालात दोबारा से पहले जैसे हो जाते हैं.
यह भी पढ़ें- मैट्रिमोनियल ऐप पर हुई मुलाकात! शादी का झांसा देकर 14 लाख की ठगी; महिला के साथ किया दुष्कर्म
