ओडिशा के बौध जिले में एक लकवाग्रस्त बुजुर्ग व्यक्ति को सांप ने कुर्सी से बांध दिया. हालांकि इस दौरान सांप ने व्यक्ति को काटा नहीं. लगभग 4 घंटों बाद परिवार ने व्यक्ति को सांप की पकड़ से छुड़ाया.

सांप के चंगुल में फंसा बुजुर्ग
ओडिशा के बौध जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बुजुर्ग व्यक्ति जहरीले सांप के चंगुल में फंस गया और लगभग 4 घंटों तक फंसा रहा. हालांकि राहत की बात यह है कि इस दौरान लंबे समय तक भी सांप ने व्यक्ति को काटा नहीं, जिससे बुजुर्ग की जान बच गई. जब सांप के चंगुल में बुजुर्ग फंसा तो स्थिति काफी खतरनाक हो गई थी.
लकवे से पीड़ित है बुजुर्ग
घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. जानकारी के मुताबिक यह घटना जिले के हरभंगा ब्लॉक के अदेनिगढ़ गांव की है. बताया जा रहा है कि यहां के रहने वाले कृष्ण चंद्र साहू लकवे की बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके कारण वे चलने-फिरने में पूरी तरह से असमर्थ हैं. बताया जा रहा है कि रात में वे अपने कमरे में सो रहे थे और कमरे की एक खिड़की खुली हुई थी.
शरीर के ऊपर चलने लगा सांप
खुली हुई खिड़की के कारण जहरीला सांप उनके कमरे में घुस आया. रात के समय में सांप बिस्तर पर चढ़ गया और कृष्ण चंद्र के शरीर पर घूमने लगा. इस दौरान बुजुर्ग को एहसास हुआ, लेकिन वह लकवे और शारीरिक कमजोरी के कारण न ही उठ सके और न ही किसी को आवाज लगा सके. हालांकि बुजुर्ग ने इस दौरान हरकत करने की कोशिश की, लेकिन सांप ने उनके हाथ के चारों ओर कुंडली मार ली.
कुर्सी से बंध गया बुजुर्ग
सांप ने अपने शरीर का एक हिस्सा पास में रखी कुर्सी से लपेट लिया, जिससे बुजुर्ग पूरी तरह कुर्सी से बंध गया. काफी समय बाद परिवार को कुछ गड़बड़ महसूस हुआ, जिसके बाद वे कमरे में गए. कमरे में सांप ने बुजुर्ग को कुर्सी से बांध रखा था. जिसके बाद परिवार ने काफी समझदारी और सावधानी से बुजुर्ग को सांप की पकड़ से छुड़ाया. हालांकि इस दौरान सांप ने बुजुर्ग को नुकसान नहीं पहुंचाया.
यह भी पढे़ं- मणिपुर में बड़ा सुरक्षा एक्शन! राज्य में तैनात होंगी CRPF की ‘कोबरा’ बटालियन; गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी
