पंजाब के लुधियाना में पाना-चाबी बनाने वाली एक फैक्ट्री में गैस लीक होने के कारण 3 लोगों की मौत हो गई. इस दौरान एक पिता और उसके बेटे की भी मौत हुई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

फैक्ट्री में गैस लीक से मौत
पंजाब के लुधियाना से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक पाना-चाबी बनाने वाली फैक्ट्री में जहरीली गैस के लीक होने के कारण दम घुटने के कारण एक पिता और उसके बेटे की मौत हो गई. साथ ही इस घटना में और व्यक्ति की जान भी गई है. जानकारी के मुताबिक इस घटना में कई और भी मजदूर घायल हुए हैं. हालांकि घटना में जान गंवाने वाले तीसरे व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है.
मजदूरों को नहीं मिला भागने का मौका
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैक्ट्री में सामान्य तरह से काम चल रहा था, इसी दौरान अचानक गैस पाइपलाइन या फिर सिलेंडर से गैस लीक होने लगी. कुछ ही समय में जहरीली गैस पूरी फैक्ट्री में फैल गई. जिससे वहां मौजूद मजदूरों को भागने का भी मौका नहीं मिला. दम घुटने और आंखों में जलन होने के कारण कई मजदूर फैक्ट्री के अंदर ही गिर गए. जिसके बाद लोगों को अंदर से निकालने की कोशिश शुरू हो गई.
घर के कमाने वाले सदस्य थे पिता-पुत्र
इस घटना में मरने वाले पिता की पहचान मान सिंह और उनके बेटे की पहचान अमित के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि दोनों मशीन के नीचे से निकल रहे थे, इसी दौरान गैस लीक की चपेट में आ गए. जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है. मान सिंह की मां ने बताया कि दोनों ही घर के कमाने वाले सदस्य थे.
यह भी पढ़ें- सांप ने कुर्सी से बांधा बुजुर्ग! 4 घंटों तक पकड़ में रखा पर काटा नहीं; परिवार की थम गई सांसे
