उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस ने सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने इस मामले में लगभग 35 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जिनमें 15 लोग नामजद और बाकी लोग अज्ञात में हैं.

सड़क पर पढ़ी नमाज को दर्ज मुकदमा
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. बिजनौर के चांदपुर थाना पुलिस ने 28 मई की सुबह जलीलपुर रोड पर मौजूद ईदगाह के बाहर सड़क पर नमाज पढ़ने के मामले में बड़ा एक्शन लिया है. इस मामले में पुलिस ने 15 नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. बताया जा रहा है कि बकरीद पर यहां बड़ी संख्या में लोग नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे थे.
पुलिस ने किया था मना
बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 6.45 बजे कुछ लोग ईदगाह के बाहर सड़क पर बैठ गए. जिसके बाद मौके पर तैनात पुलिस बल और अधिकारियों ने उन्हें आदेशों का पालन करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इसके बाद भी बात नहीं मानी और सड़क पर ही नमाज अदा करने लगे. जिसके बाद इस दौरान सड़क पर नमाज पढ़ने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं.
तस्वीरें वायरल होने के बाद कार्रवाई
तस्वीरें वायरल होने के बाद प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह की तरफ से मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस ने सरकारी आदेशों को न मानने और सड़क पर जमावड़ा लगाने के कारण लगभग 35 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर प्रारंभिक जांच को शुरू कर दिया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- लुधियाना की फैक्ट्री में मौत बनकर फैली गैस! मजदूरों को नहीं मिला भागने का भी मौका; 3 की गई जान
