दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल से एक महिला के 7 महीने के बच्चे का अपहरण कर लिया गया. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है.

GTB अस्पताल से बच्चे का अपहरण
राजधानी दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 7 महीने के बच्चे का अपहरण कर लिया गया. पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि मामले में बच्चे की तलाशी के लिए कई टीमों को लगाया गया है. बताया जा रहा है कि अस्पताल से एक 7 महीने के बच्चे का अपहरण किया गया है, जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया है.
महिला और बच्चे के साथ पहुंची थी अस्पताल
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि सीलमपुर की रहने वाली 23 साल की नाजरीन ने बताया कि लगभग एक हफ्ते पहले उसकी पहचान एक अज्ञात महिला से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई और वह नियमित रूप से उससे मिलने आने लगी. नाजरीन को महिला के ऊपर भरोसा हो गया था. रविवार शाम को नाजरीन उस महिला के साथ अपने 7 महीने के बेटे को लेकर GTB अस्पताल पहुंची.
वापस लौटने पर नहीं मिली महिला
अस्पताल में नाजरीन मेडिकल पर्ची बनवाने के लिए अंदर चली गई और अपने बेटे को महिला के पास छोड़ दिया. जब नाजरीन कुछ समय पहले अंदर से वापस लौटी, तो महिला और उसका बेटा दोनों ही मौजूद नहीं थे. जिसके बाद अस्पताल और आसपास के इलाकों में काफी तलाशी की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला. जिसके बाद पुलिस को इस मामले में जानकारी दी गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम जांच में जुट गई. शुरुआती जांच के मुताबिक महिला एक हफ्ते से नाजरीन के साथ संपर्क में थी और उसने भरोसे में लेकर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपी की पहचान की जा सके.
यह भी पढ़ें- बकरीद पर सड़क पर पढ़ी नमाज! बिजनौर पुलिस का बड़ा एक्शन; 35 लोगों पर दर्ज किया मुकदमा
