Gorakhpur Encounter: उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (STF) और खोराबार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है. रामनगर कड़जहां फोरलेन पर हुई एक तीखी मुठभेड़ में पुलिस ने आजमगढ़ के रहने वाले और एक लाख रुपये के इनामी शातिर बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू को मार गिराया है.
जवाबी कार्रवाई में बदमाश को गोलियां लगीं
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की गई थी. खुद को घिरा देख शातिर बदमाश ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश को गोलियां लगीं, जिसमें एक गोली उसके दाएं पैर और दूसरी बायीं आंख के पास लगी. मुठभेड़ के तुरंत बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
सिपाही भी घायल
अपराधी की ओर से की गई बेखौफ फायरिंग के दौरान यूपी एसटीएफ के मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए हैं. घायल आरक्षी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ समाप्त होने के बाद पुलिस ने जब घटना स्थल की सघन तलाशी ली, तो वहां से मारे गए बदमाश के पास से एक .32 बोर की अत्याधुनिक पिस्टल, एक मोटरसाइकिल और भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू एक बेहद शातिर अपराधी था और लंबे समय से पुलिस व एसटीएफ की रडार पर चल रहा था. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
