उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी को फोन पर मारने की धमकी दी. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
डीएम को घेरकर मारेंगे
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी को फोन पर धमकी दी. आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अगर डीएम पूरनपुर मंडी आते हैं, तो घेरकर मारेंगे. जिसके बाद इस मामले में पुलिस प्रशासन ने तुरंत ही कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
सीयूजी नंबर पर आई थी कॉल
जानकारी के मुताबिक 6 अप्रैल को गांधी सभागार में बर्ड फ्लू पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हो रही थी. इसी दौरान सीयूजी नंबर पर एक कॉल आई. फोन करने वाले ने खुद को बलजिंदर सिंह बताते हुए गेहूं की खरीद पर नाराजगी जताई और जिलाधिकारी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया. आरोपी ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि अगर डीएम पूरनपुर मंडी आए तो उसे घेरकर मारा जाएगा.
कॉल रिकॉर्डिंग को किया वायरल
फोन पर बात करते हुए आरोपी ने बात को रिकॉर्ड कर लेने की बात भी कही. फोन पर बातचीत के बाद आरोपी ने कॉल रिकॉर्डिंग को सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया. जिसके बाद प्रशासन ने इस मामले में संज्ञान लिया और आरोपी बलजिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया. आपको बता दें कि आरोपी अपने आप को किसान यूनियन (अन्नदाता गुट) का प्रदेश सचिव बताता है.
माफी मांगते हुए आया वीडियो
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी को फोन पर धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है. इस घटना के बाद आरोपी का माफी मांगते हुए एक वीडियो भी आया है. आरोपी ने बताया कि उसके पिता कई दिनों से गेहूं बेचने के लिए केंद्र पर परेशान थे, जिसके चलते आरोपी तनाव में आ गया और जिलाधिकारी के लिए गलत शब्द निकल गए.
यह भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा में घुसपैठ का असली सच! आतंकी साजिश या कुछ और? आरोपी सरबजीत के खुलासे ने पुलिस को भी चौंकाया
