PM Modi FICCI Speech: नई दिल्ली में फिक्की के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कंपनियों से पूछा कि कॉरपोरेट टैक्स में कटौती और इनकम टैक्स राहत के बावजूद क्या उन्होंने स्टाफ बढ़ाया और वेतन में इजाफा किया. उन्होंने कंपनियों से घरेलू बाजार को कंफर्ट जोन न बनाने, गुणवत्ता सुधारने और इंडिया फर्स्ट सोच के साथ निवेश करने की अपील की.

PM Modi FICCI Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय कंपनियों से बड़ा और सीधा सवाल पूछा है. उन्होंने जानना चाहा कि कॉरपोरेट टैक्स में कटौती और दूसरे सरकारी सुधारों का फायदा मिलने के बाद क्या कंपनियों ने स्टाफ बढ़ाया. क्या कर्मचारियों की सैलरी में भी इजाफा हुआ. 19 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की की वार्षिक बैठक और सम्मेलन में पीएम बोल रहे थे. उन्होंने इंडिया इंक से नई नौकरियां देने और वेतन बढ़ाने की अधिक जिम्मेदारी लेने को कहा. मोदी ने कंपनियों से यह भी आकलन करने को कहा कि नीतिगत फायदों से जमीनी स्तर पर क्या बदलाव आया.
टैक्स छूट और रिफंड का जिक्र कर पूछा सीधा सवाल
पीएम मोदी ने मंच से कहा कि कॉरपोरेट टैक्स को 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया गया. उन्होंने बताया कि अब 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता. इसके बाद उन्होंने पूछा कि क्या कंपनियों ने नई भर्तियां कीं या कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया. मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे मौकों पर उद्योग जगत अक्सर कहता है कि मोदी जी यह काम आप कर दीजिए. उन्होंने कहा कि किसी भी देश की तरक्की किसानों, छोटे उद्यमियों और वेल्थ क्रिएटर्स के सम्मान से होती है. मोदी ने यह भी याद दिलाया कि पहले टैक्स रिफंड में आठ महीने लगते थे, जो अब एक हफ्ते में आ जाता है.
कॉरपोरेट टैक्स कटौती से लेकर विनिर्माण तक के सुधार
सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए यह साफ किया गया कि नीतिगत स्तर पर बड़ी राहत दी गई. सितंबर 2019 में घरेलू कंपनियों के लिए मूल कॉरपोरेट टैक्स दर 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत की गई थी. पात्र नई घरेलू विनिर्माण कंपनियों के लिए 15 प्रतिशत की कम टैक्स दर लागू हुई. व्यक्तिगत करदाताओं को राहत देते हुए 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को इनकम टैक्स से छूट मिली. साथ ही रिटर्न भरने और रिफंड की प्रक्रिया को सरल बनाया गया ताकि कारोबारियों और लोगों को सहूलियत मिल सके.
घरेलू बाजार को कंफर्ट जोन न बनाएं कंपनियां
रोजगार और वेतन के अलावा पीएम मोदी ने कंपनियों को घरेलू बाजार से आगे सोचने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि भारत के बड़े उपभोक्ता बाजार पर ही निर्भर रहना सही नहीं है. मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि घरेलू बाजार को कंफर्ट जोन नहीं बनना चाहिए. कंपनियों को इस सोच से बाहर निकलना होगा कि यह माल तो बिक ही जाएगा. उन्होंने जोर दिया कि उत्पाद की गुणवत्ता सुधारें ताकि भारतीय सामान दुनिया के बाजारों में मजबूती से टिक सके.
इंडिया फर्स्ट सोच और सुधारों के लिए खुला न्योता
प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत को आगे के सुधारों के लिए खुलकर सुझाव देने का न्योता भी दिया. उन्होंने कहा कि निवेश और आर्थिक विकास के लिए जो भी नीतिगत बदलाव जरूरी हों, उसके बारे में बिना झिझक लिखकर भेजें. मोदी ने भरोसा दिलाया कि सरकार के दरवाजे और सोच दोनों पूरी तरह खुले हैं. उन्होंने कंपनियों से लंबे समय के निवेश में इंडिया फर्स्ट का नजरिया अपनाने को कहा. आयात कम करने के लिए घरेलू उत्पादन बढ़ाने और खेती से जुड़े क्षेत्रों में अधिक निवेश पर भी जोर दिया गया.
करीब 7 फीसदी विकास दर के साथ व्यापक अवसरों की उम्मीद
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. प्रमुख वैश्विक संस्थाओं ने देश की विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है. उन्होंने पिछले दस साल में गरीबी घटाने और आर्थिक अवसरों को बेहतर बनाने में हुई प्रगति का भी जिक्र किया. पीएम का संदेश साफ था कि आर्थिक विकास का लाभ व्यापक स्तर पर दिखना चाहिए और उद्योग जगत को भी अपनी भूमिका निभानी होगी.
