मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के बीच अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत करने जा रहे हैं. इस बैठक में चुनाव वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों को शामिल नहीं किया जाएगा.
मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे पीएम मोदी
मिडिल ईस्ट में चल रही जंग लगातार पूरी दुनिया की चिंताएं बढ़ाती जा रही है. भारत में भी जंग को लेकर लगातार पैनिक फैल रहा है. हालांकि सरकार लगातार स्थिति कंट्रोल में होने का दावा कर रही है. अब इसी बीच एक बड़ी खबर आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम को मिडिल ईस्ट में चल रही जंग को लेकर मुख्यमंत्रियों से बातचीत करने जा रहे हैं.
शुक्रवार शाम को होगी मीटिंग
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम को लगभग 6.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्रियों से मीटिंग करने जा रहे हैं. यह बातचीत वीडियो कॉन्फेंसिंग के जरिए की जाएगी. इस बैठक में राज्यों की तैयारियों और योजनाओं को लेकर बातचीत की जाएगी. आपको बता दें कि आचार संहिता लागू होने के कारण चुनाव वाले राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं रहेंगे.
चुनाव वाले राज्यों के मुख्य सचिवों से होगी बात
जिन राज्यों में चुनाव है उनके मुख्य सचिवों के साथ कैबिनेट सचिवालय के जरिए एक अलग बैठक आयोजित की जाएगी. आपको बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा में भी जंग को लेकर मौजूदा हालातों पर बात की थी. जिसके बाद अब प्रधानमंत्री राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करने जा रहे हैं. इस बैठक में मौजूदा हालातों को लेकर राज्यों की तैयारी और योजनाओं की समीक्षा की जाएगी.
राज्यों को दिए थे निर्देश
पीएम मोदी ने मौजूदा हालातों पर फायदा उठाने वाले काला बाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे. उन्होंने राज्य सरकार से कहा था कि आवश्यक वस्तुओं के ऊपर निगरानी रखना और जमाखोरी की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई के लिए निर्देश दिए थे. पीएम मोदी ने कहा था कि दिक्कतों के समय पर जनता को महंगाई से बचाना ही शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.
यह भी पढे़ं- क्या IPL बदल रहा है अपना अंदाज़? इस बार नहीं होगी ओपनिंग सेरेमनी; जानें आखिर क्या है कारण
