महाराष्ट्र के पुणे में एक IT प्रोफेशनल को साइबर ठगों ने शिकार बनाया है. व्यक्ति के साथ लगभग 4.43 करोड़ रुपए की ठगी की गई है. पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है.

IT प्रोफेशनल से ठगी
महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुणे के पिंपल सौदागर जिले में एक रहने वाले एक 46 साल के IT प्रोफेशनल को कथित तौर पर साइबर ठगों ने मार्केट गुरु बनकर शिकार बनाया है. बताया जा रहा है कि यहां साइबर ठगों ने 2 हफ्तों में व्यक्ति से लगभग 4.43 करोड़ रुपए की ठगी कर ली. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
व्हाट्सएप पर बनाया नकली ग्रुप
बताया जा रहा है कि ठगी को अंजाम देने के लिए ठगों ने एक नकली व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था और एक नकली ट्रेडिंग एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया था. इस मामले में पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि पीड़ित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट देखा था जिसके बाद उसपर प्रतिक्रिया दी थी. पीड़ित को इसके बाद एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ लिया गया था.
सुबह शुरू होता था सेशन
जानकारी के मुताबिक ग्रुप खुद को शेयर बजार की सलाह देने वाला प्लेटफॉर्म बताता था. बताया जा रहा है कि ठगों ने भरोसा जीतने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग संस्था के नाम इस्तेमाल किया. एडमिन रोज सुबह लगभग 6.30 बजे ऑनलाइन सेशन लिया करते थे, इस दौरान शेयर बाजार की जानकारी, निवेश की रणनीतियां और अच्छा प्रदर्शन करने वाले शेयरों की सलाह दी जाती थी.
2 हफ्तों में 34 ट्रांजेक्शन
जिसके बाद पीड़ित व्यक्ति को एक लिंक भेजकर ऐप डाउनलोड करवाया गया और उसमें निवेश खाता खुलवाया गया. ऐप में निवेश के पैसे काफी तेजी के साथ बढ़ते हुए दिखाई देते थे, इसी मुनाफे से प्रभावित होकर पीड़ित ने लगभग 2 हफ्तों में 34 ट्रांजैक्शन किए और लगभग 4.43 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए. जिसके बाद निवेश के पैसे बढ़कर 26.64 करोड़ हो गए, हालांकि जब व्यक्ति के पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने और भी पैसै मांगे. जिसके बाद व्यक्ति को ठगी का एहसास हुआ. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सबूतों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- एग्जाम से चंद मिनट पहले J&K में बड़ा खेल! एमएससी नर्सिंग की परीक्षा अचानक रद्द, सामने आई बोर्ड की ये बड़ी लापरवाही
