पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता जयपाल सिंह बाऊ को दिनदहाड़े गोली मारी गई है. गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया. इस घटना में 2 लोग घायल हुए हैं.

AAP नेता को मारी गोली
पंजाब के अमृतसर से एक दहशत भरी घटना सामने आई है. अमृतसर में आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए नेता जयपाल सिंह बाऊ को दिनदहाड़े गोली मारी गई है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. जानकारी के मुताबिक गोलीबारी की इस घटना में जयपाल सिंह बाऊ घायल हुए हैं और उन्हें अमृतसर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गाड़ी पार्किंग को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना अमृतसर के कोट आत्मा राम इलाके की है. यह विवाद गाड़ी की पार्किंग को लेकर शुरू हुआ और अचानक से हिंसा में बदल गया. इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी हो गई. घटना में आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता जयपाल सिंह बाऊ और नरेंद्र सिंह घायल हुए हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया है.
अस्पताल पहुंचे विधायक
आपको बता दें कि जयपाल सिंह बाऊ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ वॉलंटियर हैं और अमृतसर के वार्ड नंबर 42 के प्रभारी भी हैं. इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी के दक्षिणी हलके से विधायक डॉ. इंदरवीर सिंह नज्जर भी अस्पताल पहुंचे हैं और उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली है. जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
उनके मुताबिक अभी यह साफ नहीं हुआ है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी. शुरुआती जांच के मुताबिक गाड़ी खड़ी करने को लेकर 2 पक्षों में विवाद हुआ था, इसी दौरान मामला काफी बढ़ गया और गोलियां चलने लगीं. इस घटना में जयपाल सिंह को एक गोली लगी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दूसरे पक्ष का दावा है कि सेल्फ डिफेंस में गोली चलाई गई थी. पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों को दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- दूसरे धर्म में प्यार करना बना मौत की वजह! पिता और भाइयों ने की युवती की हत्या; पुलिस ने श्मशान से कब्जे में लिया शव
