देश में लुटेरों के हौसले दिन व दिन बुलंद होते नजर आ रहे हैं. पंजाब से एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है. पंजाब के अमृतसर में दिनदहाड़े हुई लूट ने पूरे शहर की व्यवस्था के ऊपर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अमृतसर के भीड़भाड़ वाले एक इलाके में कुछ बदमाशों ने एक ज्वेलर को घेरकर उसके ऊपर हमला कर दिया.
किरपानों से किया हमला
पंजाब से एक बेहद डरा देने वाली घटना सामने आई है. अमृतसर में कुछ बदमाशों ने एक ज्वेलर को घेरकर उसके ऊपर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. यह घटनी इतनी ज्यादा तेजी के साथ में हुई कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया. रिपोर्ट के मुताबिक सभी आरोपी हथियारों से लैस थे और ज्वेलर के ऊपर किरपानों से हमला किया. आरोपियों ने हमला करते हुए ज्वेलर से लगभग 425 ग्राम सोना लूट लिया.
कई लाख के सोने की लूट
अमृतसर में हुई इस घटना में लूटे गए सोने की कीमत कई लाख रुपए बताई जा रही है. ऐसा माना जा रहा है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ में आए थे, जिसके बाद उन्होंने ज्वेलर को चारों तरफ से घेरकर हमला कर दिया. इस हमले में ज्वेलर काफी गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना में घायल होने वाले ज्वेलर की पहचान मुख्तियार सिंह के रूप में हुई है और यह अंतार्यामी कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ पॉल्यूशन का डबल अटैक; उत्तराखंड से लेकर असम तक शीतलहर ने बढ़ाई मुश्किलें
जरूरी काम से जा रहा था पीड़ित
पीड़ित के ऊपर यह हमला अमृतसर के फ्लावर स्कूल के पास में हुआ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित किसी जरूरी काम से बाहर जा रहा था और उसी समय आरोपियों ने उसे निशाना बना लिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पीड़ित मुख्तियार सिंह ने बताया कि उसके पास लगातार पिछले 1 महीने से धमकी वाले फोन आ रहे थे और कॉल करने वाले लोग उससे रंगदारी मांग रहे थे.
1 महीने से आ रही थी फोन पर धमकी
पीड़ित ने बताया कि इस फोन कॉल की जानकारी उसने पुलिस को भी दी थी. इस मामले में ऐसा माना जा रहा है कि रंगदारी न देने के कारण पीड़ित के ऊपर यह हमला हुआ है और इस लूट की घटना को अंजाम दिया गया है. मुख्तियार सिंह पर हमला करने और लूट को अंजाम देने के बाद में सभी आरोपी फरार हो गए. इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच को शुरू कर दिया है. इस मामले में आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास में मौजूद CCTV कैमरों की फुटेज को निकलवा रही है. पुलिस का कहना है कि बेहद जल्द सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
