राजस्थान के अजमेर में पुष्कर मेले के दौरान पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर महाआरती की गई. इस दौरान लगभग 1.25 लाख दीपों से पूरा सरोवर जगमगा उठा. महाआरती के बाद आतिशबाजी भी आयोजित की गई. यह नजारा बेहद अनोखा था.
राजस्थान के अजमेर जिले में लगे अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले में मंगलवार शाम को आस्था और भक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला. पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया. इस दौरान करीब 1.25 लाख दीप जलाए गए, जिनकी रोशनी से पूरा पुष्कर सरोवर जगमगा हो उठा. दीपों से सजे घाटों और सरोवर का नजारा बेहद आकर्षक दिखाई दिया.
आयोजन का आनंद लेने को कहा
जानकारी के मुताबिक नगर परिषद पुष्कर और पर्यटन विभाग की ओर से संयुक्त रूप से इस महाआरती का आयोजन किया गया. राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने जयपुर घाट पर आयोजित महाआरती में हिस्सा लिया. उन्होंने श्रद्धालुओं से मेले के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की. इसके साथ ही लोगों से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लेने की बात कही.
वैदिक मंत्रों से हुई पूजा-अर्चना
जानकारी के मुताबिक महाआरती के दौरान पंडित चंद्रशेखर गौड़ और कैलाश नाथ दाधीच ने मंत्रों के उच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई. उन्होंने श्रद्धालुओं को पुष्कर सरोवर की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्त्वता के बारे में भी बताया. इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने अपने हाथों में दीप लेकर आरती में हिस्सा लिया.
महाआरती के बाद हुई आतिशबाजी
आपको बता दें कि महाआरती के बाद आतिशबाजी का भी आयोजन किया गया. रंग-बिरंगी रोशनी से रात का आसमान जगमगा उठा. आतिशबाजी और दीपों की रोशनी ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया. इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक घाटों पर मौजूद रहे और इस खूबसूरत नजारे को अपने कैमरों में कैद किया.
